खूनी रंजीश:सरपंच चुनाव के नतीजे के बाद दो गुट भिड़े, आधा घंटा चला खूनी संघर्ष, पत्थर फैंके, 8 लाेग घायल

Oct 8, 2020 - 07:47
Oct 8, 2020 - 08:01
खूनी रंजीश:सरपंच चुनाव के नतीजे के बाद दो गुट भिड़े, आधा घंटा चला खूनी संघर्ष, पत्थर फैंके, 8 लाेग घायल

बाड़मेर जिले के शिव थाना क्षेत्र के झांफली गांव में हार-जीत के बाद दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। करीब आधा घंटा तक दो गुटों में लाठी, धारदार हथियारों से दौड़ा-दौड़ा कर पीटने का सिलसिला जारी रहा। इस बीच लोगों ने बीच-बचाव किया तो उन्हें भी चोटें आई।

बुधवार को उप सरपंच के लिए चुनाव होने थे, इस दौरान एक गुट की ओर से दूसरे गुट के इलाके में जाने के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई और इसके बाद लाठी-भाटा जंग शुरू हो गई। दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन से ज्यादा लोग चोटिल हुए है। दोनों पक्षों के लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस थाने में दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दी गई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। दाेनाें पक्षाें के 5-5 लाेगाें काे पुलिस ने पाबंद किया है।

शिव थानाधिकारी विक्रम सांदू ने बताया कि झांपली कला में बुधवार को उप सरपंच के लिए चुनाव होने थे। इससे पूर्व एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष के इलाके में जाने के दौरान कहासुनी हो गई। इस पर दोनों के बीच टकराव होने से लाठी-भाटा जंग हुई और उसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए है। घटना के बाद पुलिस ने माैके पर पहुंच मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को शांत किया है।

मामले में नवनिर्वाचित सरपंच निर्मला कंवर ने मामला दर्ज करवाया कि चुनावी रंजिश रखते हुए हारे प्रत्याशी प्रेम कंवर व उसके पति पुखसिंह ने दो दर्जन से अधिक लोगों की भीड़ के साथ उनके घर पर हमला बोल दिया। चुनाव में हार के बाद बौखलाहट में हमला कर जीते हुए पक्ष के लोगों को चोटिल किया है।

लाठियों और धारदार हथियारों से किए हमले में कुमेरदान पुत्र उत्तमदान, विक्रम दान पुत्र करणीदान, करणीदान पुत्र अमरदान, भवनदान पुत्र मेघदान घायल हो गए। आरोप लगाया कि उनके सामने चुनाव लड़ने को लेकर रंजिश रखते हुए हमला किया गया है। दूसरे पक्ष के पुखसिंह पुत्र सूरतसिंह निवासी पाबू नगर झांपली ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि सरपंच निर्मला कंवर और उसके पति करणीदान ने रंजिश रखते हुए उनके ऊपर हमला कर दिया।

एक दूसरे के इलाके में जाने को लेकर कहासुनी फिर मारपीट

झांपली कल्ला में 1301 वोट थे, जिसमें 1245 वोट पड़े। निर्मला कंवर को 635 और प्रेम कंवर को 602 वोट मिले। निर्मला कंवर 33 वोट से जीत गई। हार-जीत के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी। बुधवार को अचानक दोनों के बीच टकराव की स्थिति बनी और खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान उनके भोमसिंह, जूंजारदान, भगदान, रणवीरदान चारों थे।

सरपंच पति करणीदान, कुमेरदान, जोगदान, खेतदान, महेंद्रदान व अन्य लोग आए और हमला कर दिया। हमले में पूरसिंह पुत्र सूरतसिंह, जोगराज पुत्र सूरतसिंह, रणवीरदान पुत्र हिर दान घायल हुए है। घायलों को बाड़मेर जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।