लड़की की हिम्मत से पकड़ में आए एटीएम कार्ड चोर:ATM बदलकर रुपए निकाले, आरोपियों को देख चिल्लाई; भीड़ ने दबोचा
भरतपुर के कुम्हेर थाना इलाके में ATM से पैसे निकालने गई एक लड़की का कुछ बदमाशों ने कार्ड बदल लिया। आरोपियों ने लड़की के पिन नंबर देख लिए थे। ऐसे में उसके अकाउंट से पैसे भी निकाल लिए। लड़की को अकाउंट से पैसे निकलने का मैसेज आया तो वह शिकायत करने कुम्हेर थाने जा रही थी।
इस दौरान लड़की को ATM पर बदमाश खड़े दिखे। लड़की ने उन्हें पहचान लिया और शोर मचा दिया। बदमाश वहां से भाग निकले लेकिन राहगीरों ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
लड़की चंचल बरताई के नगला गांव की रहने वाली है। वह कुम्हेर कस्बे में एक्सिस बैंक के ATM से पैसे निकालने गई थी। चंचल जब पैसे निकाल रही थी तब उसके पीछे आरोपी खड़े थे। उन्होंने चंचल का ATM पिन देख लिया। जब चंचल पैसे निकाल रही थी तो उसका कार्ड मशीन में फंस गया।
इस पर पीछे खड़े आरोपियों ने मदद के बहाने चंचल का कार्ड बदल लिया। चंचल पैसे निकाल कर घर जा रही थी, तभी उसके पास पैसे कटने का मैसेज आया। चंचल तुरंत कुम्हेर थाने शिकायत करने निकल गई। रास्ते में उसी ATM पर बदमाश बूथ के बाहर खड़े दिखे।
चंचल ने उन्हें आवाज दी तो वे भागने लगे। चंचल ने उनका पीछा किया और शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने पीछा कर बदमाशों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। कुम्हेर थाना महेंद्र राठी का कहना है कि अभी तक उन्हें किसी ने शिकायत नहीं दी है।


