एग्जाम देने जा रही छात्रा से रेप के बाद लूट कानपुर में SSC की परीक्षा देने आई थी छात्रा
कानपुर में SSC की परीक्षा देने आई छात्रा से ऑटो चालक ने रेप के बाद लूट की घटना को अंजाम दिया था। कल्याणपुर पुलिस ने मंगलवार तड़के दलहन रेलवे क्रॉसिंग के पास आरोपी की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने फायरिंग कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी मंगल के पैर में गोली मारकर पकड़ लिया। उसके पास से लूट का पर्स भी बरामद किया।
आरोपी इससे पहले भी रेप और हत्या के प्रयास में 10 साल की सजा काटकर 2017 में जेल से छूटा है। फिर उसी तरह की वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं आरोपी ने पहली पत्नी को छोड़कर दूसरी शादी की और उसके भी तीन बच्चे हैं।
होटल में कमरा दिलाने का झांसा देकर दिया वारदात को अंजाम

DCP वेस्ट विजय ढुल ने बताया, " ककवन थाना क्षेत्र की एक छात्रा 11 फरवरी को कल्याणपुर में SSC की परीक्षा देने आई थी। परीक्षा के एक दिन पहले शाम को पहुंचने के चलते गुरुदेव क्रॉसिंग के पास गूगल पर ऑनलाइन होटल सर्च कर रही थी।
इस दौरान एक ऑटो चालक ने उसे होटल दिलाने का झांसा देकर कानपुर यूनिवर्सिटी के पास उसके साथ दुष्कर्म किया और बैग लूटकर भाग निकला था। मामले में छात्रा ने कल्याणपुर थाने में लूट और रेप समेत अन्य गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कराई थी।
पुलिस टीम ने CCTV और लोकल इंटेलीजेंस की मदद से आरोपी की पहचान रावतपुर थाना क्षेत्र के मसवानपुर के रहने वाले मंगल के रूप में की थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मंगलवार सुबह पुलिस ने दलहन रेलवे क्रॉसिंग के पास उसकी घेराबंदी कर पकड़ लिया।DCP वेस्ट ने बताया कि हैलट में प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोर्ट में पेश करके जेल भेजा जाएगा।

रेप में 10 साल की सज पूरी कर फिर दिया वारदात को अंजाम
DCP वेस्ट ने बताया कि आरोपी मंगल एक सजायाफ्ता अपराधी है। उसने 2008 में भी एक युवती के साथ दुष्कर्म किया था। इस मामले में उसे 2012 में 10 साल की कैद की सजा हो चुकी है। जिसे पूरा कर साल 2017 में जेल से रिहा हुआ था।
मंगल मजदूरी तथा छोटे-मोटे काम करके अपना जीवन यापन करता था। ज्यादातर समय बर्फ के गोले बनाने संबंधी कार्य करता था। आरोपी मंगल से पूछताछ करके इसके अन्य किसी अपराध में संलिप्त होने की जानकारी की जा रही है।


