SCERT ने अब जारी किए मॉडल टेस्ट पेपर 8वीं के स्टूडेंट को 150 मिनट में देना 52 प्रश्नों का जवाब, सिलेबस में 30% की कटौती

Apr 9, 2022 - 11:33
SCERT ने अब जारी किए मॉडल टेस्ट पेपर 8वीं के स्टूडेंट को 150 मिनट में देना 52 प्रश्नों का जवाब, सिलेबस में 30% की कटौती

प्रदेश में 5वीं और 8वीं बोर्ड परीक्षा में बैठने वाले स्टूडेंट को 150 मिनट में प्रश्न-पत्र हल करना होगा। 5वीं बोर्ड में जहां 72 प्रश्न पूछे जाएंगे, वहीं 8वीं बोर्ड में प्रश्नों की संख्या 52 होगी। इसमें से अधिकांश प्रश्न विकल्प आधारित होंगे, जिससे स्टूडेंट को उत्तर देने में सरलता रहेगी। कुल 100 अंक के प्रश्न पत्र में से 80 अंक की लिखित परीक्षा होगी और 20 अंक सत्रांक के रहेंगे। प्रश्न पत्र वर्क शीट के रूप में मिलेगा, इसी में स्टूडेंट्स को जवाब लिखने होंगे।

गणित का प्रश्न हल करने के लिए वर्क शीट में ही साइड में अलग से स्थान दिया जाएगा। इसमें स्टूडेंट रफ कार्य के रूप में गणनाएं कर सकेंगे। परीक्षा के लिए दोनों क्लास के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। ये शाला दर्पण से डाउनलोड किए जा सकेंगे। 8वीं बोर्ड की परीक्षाएं 16 अप्रैल व 5वीं बोर्ड की परीक्षाएं 19 अप्रैल से शुरू होंगी। इनका समय दोपहर 2 से 4:30 बजे रहेगा।

इधर, राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) उदयपुर ने प्रदेश के 12.64 लाख स्टूडेंट्स के लिए एग्जाम पैटर्न और मॉडल पेपर जारी कर दिए हैं। भास्कर ने 27 मार्च के अंक में इस संबंध में ‘8वीं बोर्ड परीक्षा 16 से; नहीं मिले मॉडल टेस्ट पेपर, छात्र असमंजस में कि किस चैप्टर में से कितने ऑब्जेक्टिव-डिस्क्रिप्टिव प्रश्न आएंगे’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी।

कक्षा 5वीं: प्रश्न पत्र तीन भागों में होगा
प्रश्न पत्र अ, ब व स तीन भागों में रहेगा। इसमें कुल 72 प्रश्न होंगे, जिसका कुल योग 80 होगा। इसमें बहुविकल्पी प्रश्न 15, रिक्त स्थान पूर्ति 8, सत्य-असत्य 7, मिलान कीजिए 5, अति लघुत्तरात्मक 5 प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रत्येक 1-1 अंक के होंगे। लघुउत्तरात्मक 8 प्रश्न 3-3 अंक, दीर्घ उत्तरीय या निबंधात्मक के 4 प्रश्न 4-4 अंक के होंगे।

कक्षा 8वीं: प्रारंभिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण पत्र
प्रश्न पत्र अ, ब, स तीन भागों में रहेगा, जिसका कुल योग 80 होगा। इसमें कुल प्रश्न संख्या 52 होगी। इसमें बहु-विकल्पी 15 प्रश्न, रिक्त स्थान 8, सही गलत 7, मिलान कीजिए 5, अति लघुत्तरात्मक 5 प्रश्न प्रति प्रश्न 1 अंक के रहेंगे।

वर्क शीट में उत्तर के लिए प्रश्न के ठीक नीचे ही जगह मिलेगी : शर्मा
एससीईआरटी ने प्रारूप और पेपर पैटर्न और मॉडल पेपर जारी कर दिए हैं। वर्क शीट के रूप में प्रश्न पत्र मिलने से स्टूडेंट को हल करने में सरलता रहेगी। वर्क शीट में उत्तर लिखने के लिए प्रश्न के ही ठीक नीचे निर्धारित स्थान होता है। इससे प्रश्नों के उत्तर देते समय प्रश्नों के क्रमांक व अन्य प्रकार की चूक नहीं होती है। किसी प्रश्न का जवाब नहीं दिया तो भी स्टूडेंट को स्पष्ट दिखता है, क्योंकि उत्तर का स्थान खाली रहता है। बच्चे समझ के अभाव में कई बार अलग से प्रश्न पत्र देने पर उत्तर पुस्तिकाओं में भी प्रश्न लिख दिया करते थे, जिससे समय व्यर्थ होता था। अनावश्यक कांट-छांट भी कम होगी। इससे परीक्षक को भी उत्तर पुस्तिकाएं जांच व मार्किंग में भी सुविधा रहेगी। -राजेश शर्मा, प्रभारी 8वीं बोर्ड एग्जाम डाइट