हिरण शिकार: सलमान खान नहीं हुए कोर्ट में पेश अगली सुनवाई 16 जनवरी को
जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर जिले में हुए हिरण शिकार मामले में आज एक बार फिर बॉलीवुड स्टार सलमान खान अदालत में पेश नहीं हुए। उनकी ओर से अदालत में मुंबई और जोधपुर में कोरोना के बढ़ते मामलों का एडवोकेट हस्तीमल सारस्वत ने कोर्ट में पेश होने को कहा है। इसके बाद अदालत ने उनकी हाजिरी माफी की अर्जी मंजूर कर दी है। मामले की अगली सुनवाई अब 16 जनवरी को होगी। अदालत ने 16 जनवरी को सलमान खान को आवश्यक रूप से कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है। कोरोना के दौर में उन्हें आठ महीने में यह छठवीं बार रियायत दी गई है। उन्होंने इस मामले में अब तक 15वीं बार हाजरी माफी ली है।
यह था मामला
गौरतलब है कि काला हिरण शिकार प्रकरण में ट्रायल कोर्ट ने 5 अप्रैल 2018 को सलमान खान को दोषी करार देते हुए पांच साल की सजा सुनाई थी। इस मामले में सह आरोपी फिल्म अभिनेता सैफ अली खान, अभिनेत्री नीलम, तब्बू व सोनाली बेन्द्रे को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया था। वहीं सलमान खान को उस समय गिरफ्तार कर जोधपुर जेल भेजा गया था। तीन दिन बाद वे कोर्ट से मिली जमानत के आधार पर रिहा हुए थे। वहीं, आर्म्स एक्ट के मामले में कोर्ट ने सलमान को बरी कर दिया था। लेकिन राज्य सरकार ने कोर्ट के इस निर्णय को चुनौती दे रखी है। जबकि सलमान खान ने उन्हें सुनाई गई पांच साल की सजा को चुनौती दे रखी है। इन दोनों मामलों की आज प्रस्तावित सुनवाई के दौरान सलमान को उपस्थित होना था।


