IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे टी20 में भारत को 12 रन से हराया
यह मैच भले ही टीम इंडिया ने गंवा दिया है, लेकिन सीरीज पर उसने 2-1 के कब्जा कर लिया। इसी के साथ भारतीय टीम ने लगातार 5वीं टी-20 सीरीज जीत ली। ऑस्ट्रेलिया ने 3 टी-20 की सीरीज के आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम को 12 रन से हरा दिया। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाज करते हुए 187 रन का टारगेट दिया था। इसके जवाब में भारतीय टीम ने 7 विकेट गंवाकर 174 रन ही बना सकी।
कोहली-वेड के बीच DRS विवाद
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी-20 में डिसिजन रिव्यू सिस्टम (DRS) को लेकर विवाद हो गया। ऑस्ट्रेलिया की पारी के 11वें ओवर में भारतीय कप्तान विराट कोहली के रिव्यू को टीवी अंपायर ने अमान्य करार दिया। अधिकारियों के मुताबिक, कोहली ने स्टेडियम में लगी स्क्रीन पर रीप्ले देखने के बाद रिव्यू लेने का फैसला किया। इसलिए टीवी अंपायर ने इसे मानने से इनकार कर दिया।दरअसल, यह ओवर नटराजन का था। ओवर की आखिरी बॉल स्ट्राइक पर मौजूद मैथ्यू वेड के पैड पर लगी थी। बॉलर और विकेटकीपर राहुल ने अपील भी की, लेकिन अंपायर ने नॉटआउट करार दिया। इसके बाद कप्तान कोहली ने रिव्यू लिया। टीवी अंपायर ने रिव्यू शुरू भी कर दिया था। इसका मैथ्यू वेड ने विरोध भी किया था। उन्होंने दावा किया था कि DRS लेने के लिए 13 सेकंड समय खत्म हो गया था। रिव्यू रद्द होने के बाद कोहली ने इस बारे में फील्ड अंपायर से बात भी की। हालांकि, बाद में रिप्ले में वेड आउट दिखाए गए थे।


