21 साल की राजस्‍थानी छोरी को मिला 45 लाख का पैकेज, IIT या IIM नहीं यहां से की है ग्रेजुएशन

21 साल की राजस्‍थानी छोरी को मिला 45 लाख का पैकेज, IIT या IIM नहीं यहां से की है ग्रेजुएशन

Success Story: तान्‍या सिंह धाभाई को जापानी टेक कंपनी ने डेटा एनालिस्ट की नौकरी दी है. बिट्स पिलानी स्‍टूडेंट 21 साल की तान्‍या को ग्रेजुएशन करने के हफ्तेभर बाद ही मोटे वेतन पर नौकरी मिल गई.

नई दिल्‍ली. राजस्‍थान के पिलानी कस्‍बे की रहने वाली तान्‍या सिंह धाभाई की चर्चा पूरे देश में हो रही है. मात्र 21 साल की तान्‍या को एक जापानी आईटी कंपनी ने 45 लाख रुपये का पैकेज दिया है. तान्‍या को यह मोटा वेतन मिलने की खबर सुनकर हर आदमी के मन में पहला ख्‍याल यही आ रहा है कि वे शायद इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्‍नोलॉजी (IIT) या इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) से पढ़ाई की होगी. लेकिन, ऐसा नहीं है. तान्‍या आईआईटी या आईआईएम की स्‍टूडेंट नहीं रही हैं. उन्‍होंने ग्रेजुएशन बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्‍नोलॉजी एंड साइंस (BITS Pilani) से किया है.

खास बात यह है कि तान्‍या सिंह को अपनी ग्रेजुएशन पूरी करने के आठवें दिन ही नौकरी मिल गई. अब वे जापान की एक विश्व प्रसिद्ध आईटी कंपनी में डेटा एनालिस्ट (Data Analyst) के पद पर काम करेंगी. तान्या सिंह के पिता ने एक न्यूज़पेपर को बताया कि तान्या बचपन से ही काफी होशियार रही हैं. वह क्लास टॉपर रहने के अलावा पहले ही प्रयास में बिट्स पिलानी में प्रवेश लेने में कामयाब रही. अभी हाल ही में उसने बिट्स 2023 का बैच पास आउट किया था.

जापान में करेंगी नौकरी
तान्या सिंह की नियुक्ति जापान के टोक्‍यो शहर में हुई है. तान्या सिंह के पिता का कहना है कि तान्‍या एक ब्रिलियंट स्‍टूडेंट रही हैं. हावर्ड में होने वाले वर्ल्ड स्टूडेंट्स लीडर्स प्रोग्राम में भी उनका चयन हुआ था. हालांकि, वे कुछ कारणों से इस प्रोग्राम में हिस्‍सा नहीं ले पाई थी. इस प्रोग्राम में नामचीन उद्योगपति और अर्थशास्त्री स्टूडेंट्स के साथ अपने विचार सांझा करते हैं.

अभी है जापान में
तान्‍या के पिता भी एक जापानी दूरसंचार कंपनी में काम करते हैं. वह कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट हैं और करीब 3 साल से कंपनी में है. वैसे वे करीब-करीब 10 साल से जापान में हैं. तान्या की मां व छोटी बहन भी जापान में रहती हैं. तान्‍या भी इस समय जापान में ही हैं.

इंस्टीट्यूट ऑफ एमिनेंस है बिट्स पिलानी
बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्‍नोलॉजी एंड साइंस (BITS Pilani), भारत के सबसे पुराने और अग्रणी प्रौद्योगिकी संस्थानों में से एक है. पिलानी (राजस्थान) के अलावा बिट्स के कैम्पस गोआ, हैदराबाद और दुबई में भी हैं. बिट्स पिलानी भारत के उन पहले 6 संस्थानों में से एक है जिन्‍हें इंस्टीट्यूट ऑफ एमिनेंस का दर्जा हासिल है.