कियारा के हाथ में सिद्धार्थ का नाम लिखेंगी वीना:अंबानी बहुओं से लेकर कटरीना कैफ तक की शादी में लगा चुकी हैं मेहंदी

कियारा के हाथ में सिद्धार्थ का नाम लिखेंगी वीना:अंबानी बहुओं से लेकर कटरीना कैफ तक की शादी में लगा चुकी हैं मेहंदी

बॉलीवुड एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा जल्द ही अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड कियारा आडवाणी से शादी करने वाले हैं। राजस्थान के रेतीले धोरों जैसलमेर के सूर्यगढ़ होटल में डेकोरेशन का काम चल रहा है।

हल्दी, मेहंदी और अन्य रस्मों की तैयारियां की जा रही हैं। 5 फरवरी से शादी के फंक्शन शुरू हो जाएंगे। मेहमानों के आने का सिलसिला भी शुरू हो गया।

कियारा के हाथ में सिद्धार्थ के नाम की मेहंदी लगाने मुंबई से वीना नागदा भी पहुंच चुकी हैं। वीना को बॉलीवुड की मेहंदी क्वीन कहा जाता है।

इससे पहले वे माधुरी दीक्षित से लेकर कटरीना कैफ और मुकेश अंबानी की बहू श्लोका को भी मेहंदी लगा चुकी हैं। इंडस्ट्री से लेकर बिजनेस फैमिली और विदेशों तक उनके क्लाइंट्स हैं।

वीना का मुबंई में एक इंस्टीट्यूट भी है, जहां मेहंदी का प्रोफेशनल कोर्स भी करवाया जाता है। वह अब तक सैकड़ों स्टूडेंट्स को मेहंदी लगाना सिखा चुकी हैं।

1980 से मेहंदी लगाने का काम किया शुरू
वीना नागदा साल 1980 से बतौर मेहंदी आर्टिस्ट काम कर रही हैं। उन्होंने अपने एक पारिवारिक डॉक्टर दोस्त की शादी में मेहंदी लगाकर अपना प्रोफेशन शुरू किया था। उस शादी में एक्ट्रेस पूनम ढिल्लन भी आई थीं। वीना की लगाई मेहंदी को उन्हें काफी पसंद आई थी। इसके बाद अपने हाथ पर भी वीना से मेहंदी लगवाई थी।

धीरे-धीरे वीना का बॉलीवुड में नाम हो गया और मेंहदी आर्टिस्ट के तौर पर काम करने लगी। कई हिंदी फिल्मों में उन्होंने एक्ट्रेस को मेहंदी लगाई है। करण जौहर की ‘कभी खुशी कभी गम’ में ‘बोले चूडियां बोले कंगना’ गाने में करीना कपूर और ‘हमको दीवाना कर गए’गाने में कटरीना कैफ के हाथों में लगी मेहंदी वीना ने ही लगाई थी।

उनकी मेहंदी को स्टार इतना पसंद करते हैं कि सोनम कपूर ने कांस फेस्टिवल के रेड कारपेट पर जाने से पहले वीना से मेहंदी लगवाई थी।

विदेशों में भी हैं क्लाइंट
वीना की मेहंदी के दीवाने बॉलीवुड के साथ विदेशों में भी हैं। उनकी डेट्स मिलना भी आसान नहीं है। क्लाइंटस एडवांस में बुकिंग करके रखते हैं। बाली, बैंकॉक, हांगकांग, मलेशिया, जर्मनी, लंदन, यूएसए जैसे कई दूसरे देशों में भी उनके क्लाइंट हैं।

अंबानी की बहू से लेकर कटरीना के हाथों में लगाई मेहंदी
मुकेश अंबानी के बेटे आकाश अंबानी की शादी में भी वे मेहंदी लगाने गई थीं। आकाश की वाइफ श्लोका के साथ ही नीता अंबानी, ईशा अंबानी और टीना अंबानी के हाथों में रची खूबसूरत मेहंदी वीना की ही लगाई हुई थी।

इसके अलावा बॉलीवुड की क्वीन कही जाने वाली कटरीना कैफ, करीना कपूर, आलिया भट्ट्, दीपिका पादुकोण के हाथों में भी शादी की मेहंदी लगा चुकी है।

इस लिस्ट में मलाइका अरोड़ा खान, हेमा मालिनी, ईशा देओल काजोल, शर्मिला टैगोर, काजल अग्रवाल, कपिल शर्मा की पत्नी गिन्नी चतरथ, जरीन खान, शिल्पा शेट्टी, फराह खान, डिंपल कपाड़िया, माधुरी दीक्षित, आशा भोसले, एकता कपूर और जया प्रदा और न जाने कितने सेलिब्रिटीज को वीणा मेहंदी लगा चुकी हैं।वीणा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब किसी सेलिब्रिटीज की शादी के लिए उन्हें इनवाइट किया जाता है तो मेंहदी लगाने की फीस नहीं बताती। वे अपनी फीस सेलिब्रिटीज की मर्जी पर ही छोड़ देती हैं। इसके अलावा मेंहदी डिजाइन की डिमांड से फीस घटती और बढ़ती भी रहती है।