800 फीट गहरी खान ढही चालक जेसीबी व डम्पर सहित दबा, मौके पर रेस्क्यू जारी, सुबह-सुबह हुआ हादसा

800 फीट गहरी खान ढही चालक जेसीबी व डम्पर सहित दबा, मौके पर रेस्क्यू जारी, सुबह-सुबह हुआ हादसा

अलवर के टहला में कोरखी खान का कुछ हिस्सा मंगलवार सुबह ढह गया। करीब 800 फीट गहरी खान में जेसीबी चालक मदन उर्फ बोदन निवासी बेरली टहला मशीन सहित दब गया। एक डम्पर भी पत्थरों के नीचे दबा है। खान अलवर के हितेश अग्रवाल की बताई गई है। जानकारी के अनुसार खोह क्षेत्र में गोरखी खान है। खान में सुबह-सुबह मदन जेसीबी से पत्थर तोड़ने में लगा था। तभी अचानक खान का हिस्सा ऊपंर से ढह गया। बताया जा रहा है कि खान जमीन के अंदर करीब 700 से 800 फीट तक गहरी हो चुकी है। इसके अंदर ही जेसीबी से काम चल रहा था। खान के ऊपर से पत्थर ढहने से जेसीबी सहित चालक दब गया। वहां माैके पर एक डम्पर भी दबा है।

दूसरी जेसीबी से रेस्क्यू जारी।
दूसरी जेसीबी से रेस्क्यू जारी।

किसी अन्य की सूचना नहीं
पुलिस प्रशाासन का कहना है कि फिलहाल एक व्यक्ति के ही खान में दबने की सूचना है। कोई मजदूर मौके पर थे या नहीं। इसका पता लगाया जा रहा है। साथ में रेस्क्यू भी शुरू कर दिया है।

खान मालिक व विभाग की लापरवाही
जानकारी के अनुसार खनन विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। नियमों के विपरीत खनन का कार्य चलता मिला है। यह भी बताया जा रहा है कि खान के दायरे से बाहर तक अवैध खनन है। इसके अलावास बिना सेफ्टी उपकरणों के काम होता है। इन सब पहलुओं पर विभाग के स्तर पर जांच होगी। फिलहाल रेस्क्यू जारी है।

खान ढहने के बाद रेस्क्यू जारी और ग्रामीणों की भीड़।
खान ढहने के बाद रेस्क्यू जारी और ग्रामीणों की भीड़।

सैकड़ों लोगों की भीड़
खान ढहने की सूचना मिलने के बाद सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी पहुंच गए। खनन को लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। इस क्षेत्र को धोली खान के नाम से भी जाना जाता है।