CUET UG 2023: 12वीं के स्टूडेंट्स के लिए अलर्ट, कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट के लिए आवेदन में एक दिन बाकी
education-cuet-ug-2023-registration-process-closing-tomorrow-march-30-submit-application-form-at-cuet-samarth-ac-in-for-common-university-entrance-test
इस साल सीनियर सेकेंड्री (कक्षा 12) की बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित हो रहे छात्र-छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण अलर्ट। देश भर के केंद्रीय विश्वविद्यालय, भाग ले रहे कई राज्य विश्वविद्यालयों, डीम्ड विश्वविद्यालयों और निजी विश्वविद्यालयों और इन सभी से सम्बद्ध महाविद्यालयों में संचालित होने वाले स्नातक स्तरीय पाठ्यक्रमों में इस साल दाखिले के लिए उम्मीदवारों का चयन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित किए जाने वाले कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) यूजी 2023 से किया जाना है। इस प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए स्टूडेंट्स को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा, जिसकी आखिरी तारीख वीरवार, 30 मार्च 2023 को समाप्त होने जा रही है।
CUET UG 2023: कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट के लिए ऐसे करें आवेदन
ऐसे में जिन इच्छुक छात्र-छात्राओं ने अभी तक अप्लाई नहीं किया है, वे एनटीए द्वारा इस प्रवेश परीक्षा के लिए बनाए गए विशेष पोर्टल, cuet.samarth.ac.in पर उपलब्ध कराए गए ऑनलाइन अप्लीकेशन फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को निर्धारित परीक्षा शुल्क अधिकतम 3 विषयों के लिए 750 रुपये का भुगतान ऑनलाइन माध्यमों से करना होगा। हालांकि, अधिकतम 7 विषयों के लिए 1500 रुपये और अधिकतम 10 विषयों के लिए परीक्षा शुल्क 1750 रुपये है। इन शुल्क में ओबीसी (एनसीएल), ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी, दिव्यांग और थर्ड जेंडर कटेगरी के उम्मीदवारों को निर्धारित सीमा तक छूट दी जाएगी।
CUET UG 2023: आवेदन सुधार 1 से 3 अप्रैल तक
ऐसे सभी उम्मीदवार जिनके सीयूईटी यूजी 2023 रजिस्ट्रेशन के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि हो गई है या आवश्यक संशोधन करना चाहते हैं तो इसके लिए एनटीए द्वारा करेक्शन का मौका दिया जाएगा। एजेंसी द्वारा सीयूईटी यूजी 2023 के आवेदन में सुधार के लिए अप्लीकेशन करेक्शन विंडो 1 से 3 अप्रैल तक ओपेन रखने की घोषणा की गई है।
Naresh Chouhan 

