एक बेटा ट्रक तो दूसरा कांवर लेकर भोले के दरबार गया, डकैतों ने कर दी मां की हत्या, जानें पूरा मामला
उत्तर प्रदेश के इटावा में 6 से ज्यादा डकैतों ने महिला की हत्या कर लाखों का सामान लूट ले गए। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंच गए। एसएसपी ने बताया कि डकैतों को गिरफ्तार करने के लिए टीम बनाई गई है।घटना जसवंत नगर क्षेत्र के पाठक पुरा गांव की है। 50 वर्षीय प्रेमकली की डकैतों ने हत्या कर दी। घटना के समय प्रेमकली घर में अकेले थी। उनका एक पुत्र ट्रक और दूसरा कांवर लेकर भोले बाबा के दरबार गया था। देर रात डकैत दीवार फांद कर घर में घुस गए। डकैतों की चहलकदमी से प्रेमकली की आंखें खुल गई।
इसके पहले की प्रेमकली आवाज देती, बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया। सर पर भारी वस्तु से हमला कर दिया। जिससे प्रेमकली मौके पर ही गिर पड़ी। बाद में डकैतों ने उसका गला रेत दिया। डकैतों ने घर में रखा नकदी और जेवर लूट कर चले गए। जिसमें अंगूठी, जंजीर, कुंडल, सोने का सुई धागा और 50 हजार रुपए नगद शामिल है।
एसओजी और सर्विलांस टीम को खुलासे के लिए लगाया गया
घटना की जानकारी उस समय हुई जब जानने वाले सुबह घर पहुंचे। सूचना पाकर एसएसपी संजय कुमार वर्मा, एसपी सिटी कपिल देव सिंह सहित अन्य अधिकारीगण मौके पर पहुंच गए। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एसएसपी ने बताया कि सर्विलांस और एसओजी टीम को घटना के खुलासे के लिए लगाया गया है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
ग्रामीणों के अनुसार डकैत इससे पहले दो और घरों में घुसे थे। राकेश कुमार के घर से एक लाख का माल चुरा ले गए। रामसनेही के घर में भी घुसे थे। लेकिन ग्रामीणों द्वारा की गई फायरिंग से बदमाश भाग निकले। डकैतों की चहलकदमी से क्षेत्र में दहशत है।
Naresh Chouhan 

