बानसूर में व्यापारी से लूट का मामला:पूर्व मंत्री ने जयपुर रेंज आईजी से की मुलाकात, कानून व्यवस्था ठीक करने की मांग की
बानसूर में आए दिन हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर आज पूर्व मंत्री डॉ. रोहिताश शर्मा ने जयपुर रेंज आईजी उमेश दत्ता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बानसूर में पिछले एक हफ्ते में हुईं 2 बड़ी घटनाओं के बारे में बताया और कानून व्यवस्था ठीक करने की मांग की।
कानून व्यवस्था ठीक करने की मांग
पूर्व मंत्री ने बताया कि आईजी से मिलकर बानसूर की कानून व्यवस्था के बारे में बताया गया। उन्होनें बताया कि बानसूर में व्यापारी, आमजन में भय का वातावरण बना हुआ है। बाजारों में गोलीबारी हो रही है। व्यापारियों से दिनदहाड़े नकाबपोश बदमाश लूटपाट कर रहे हैं और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी हुई है। आमजन की कोई सुनने वाला नहीं है। कानून व्यवस्था बिल्कुल चौपट हो गई है।
उन्होंने मांग की है कि बानसूर में कानून व्यवस्था बनाई जाए। जिससे व्यापारी और आमजन अपने जान माल की सुरक्षा कर सकें। बानसूर क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए। वहीं उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से घटनाओं पर रोक नहीं लगाई गई तो बानसूर में एक बड़ा जन आंदोलन होगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और पुलिस प्रशासन की होगी।
आईजी ने दिया आश्वासन
वही उन्होंने बताया कि आईजी उमेश दत्ता ने आश्वासन दिया है कि बानसूर में घटनाओं को रोकने के लिए प्रयास किए जाएंगे। बानसूर में आज से ही पुलिस की गश्त बढ़ा दी जाएगी।
Naresh Chouhan 

