बस-कार की भिड़ंत में मां-बेटे की मौत, शिक्षिका व दो बच्चे घायल

बस-कार की भिड़ंत में मां-बेटे की मौत, शिक्षिका व दो बच्चे घायल

नेशनल हाइवे 11 पर कितासर के पास हादसा

बीकानेर. श्रीडूंगरगढ़. नेशनल हाइवे 11 पर गुरुवार शाम करीब चार बजे कीतासर गांव के नजदीक कार व बस में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार मां-बेटे की मौत हो गई और तीन अन्य जने घायल हुए है। घायलों का पीबीएम अस्पताल के ट्राेमा सेंटर में उपचार चल रहा है।
श्रीडूंगरगढ़ पुलिस के अनुसार हादसे में कार का अगला बस के नीचे धंस गया। हादसे में कार चालक वीरेन्द्र हुड्डा व उसकी मां परमेश्वरी देवी की मौके पर मौत हो गई। वीरेन्द्र की पत्नी सरस्वती देवी एवं बेटे हितेश व बेटी हिमांशी घायल हुए है। घायलों में हितेश की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस हवलदार भगवाराम व हवासिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को पहले श्रीडूंगरगढ़ सीएचसी पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को पीबीएम बीकानेर भेज दिया गया।
शिक्षिका घायल, पति व सास की मौत
जानकारी के अनुसार मृतक वीरेन्द्र की पत्नी सरस्वती देवी रानासर गांव के सरकारी स्कूल में शिक्षिका है। यह लोग परिवार के साथ अपने गांव झुंझुनूं के मंडावा के जिनवा लौट रहे थे। इसी दरम्यान यह हादसा हो गया।
कार में फंसे शव निकाले
दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा बस के नीचे फंस गया। चालक वीरेन्द्र और उसकी मां परमेश्वरी देवी के शव को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीणों ने शवों को बाहर निकालने में मदद की। गरीब सेवा संस्थान, आपणो गांव सेवा समिति व निजी वाहन की मदद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।