कोल्डप्ले कॉन्सर्ट - साइट पर नहीं मिल रहा, बाहर खुलेआम बिक्री; जालसाज ने कहा- बोलो
ब्रिटिश म्यूजिकल बैंड कोल्ड प्ले का इंडिया कॉन्सर्ट जनवरी 2025 में होने वाला है। दो दिन पहले इसकी ऑनलाइन टिकट विंडो खोली गई। चंद मिनट में सारे टिकट बिक गए। टिकट बेचने वाली साइट बुक माई शो क्रैश हो गई।
जो लोग टिकट की उम्मीद लेकर बैठे थे, उन्हें निराशा मिली। यहां तक कि करण जौहर जैसे बड़े फिल्ममेकर को भी कॉन्सर्ट का टिकट नहीं मिला। यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भी इस पर चिंता व्यक्त की है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि हजारों टिकट एक-दो मिनट के अंदर कैसे बिक गए। क्या इसके पीछे कोई कालाबाजारी थी? इसकी पड़ताल के लिए दैनिक भास्कर की टीम ने स्टिंग ऑपरेशन किया।
स्टिंग में पता चला कि बड़े लेवल पर टिकटों की हेरफेर हुई है। जो टिकट साइट पर उपलब्ध नहीं हैं, वो आसानी से बाहर 10 से 15 गुना ज्यादा दाम पर बिक रहे हैं। आलम यह है कि 3500 रुपए का टिकट 70 हजार रुपए में मिल रहा है। मुंबई में कुछ गिरोह हैं, जो ब्लैक में टिकट बेच रहे हैं।
35 हजार का टिकट 1 लाख 70 हजार में बेच रहा था हमने सोशल मीडिया के जरिए उस जालसाज से बात करनी शुरू की। हमने उससे टिकटों की डिमांड की। उसने कहा कि जितनी चाहिए, उतनी मिल जाएंगी। उसने टिकटों का रेट बताया। सबसे कम दाम वाले 3500 का टिकट 70 हजार में, लाउंज वाला 35 हजार का टिकट 1 लाख 70 हजार में और कॉर्पोरेट बॉक्स का टिकट रेट 25 लाख तक बताया। उसने यह भी कहा कि आने वाले इवेंट्स के लिए भी वो टिकट मुहैया करा देगा।
उसने हमें एक ऑनलाइन टिकट दिया, जिसकी बुकिंग आईडी को उसने हाइड कर दिया था। अब यह भी गारंटी नहीं है कि उसने जो टिकट दिया है, वो असली है भी कि नहीं। उस जालसाज की बातों से लगा कि उसके पीछे एक पूरा नेक्सस चल रहा है। बहुत बड़े-बड़े लोग इसमें इन्वॉल्व हैं। उसने यह भी बताया कि कई लोग उससे टिकटें खरीदकर रीसेल करते हैं।
बुक माई शो की तरफ से कोई जवाब नहीं आया चूंकि उस जालसाज ने बुक माई शो पर भी स्कैम का आरोप लगाया है, इसलिए सच्चाई जानने के लिए हमने बुक माई शो के CEO आशीष हेमराजानी को कॉल किया। उन्होंने अभी तक कोई रिप्लाई नहीं किया है। यहां तक कि मैसेज का भी जवाब नहीं दिया।
भारत में टिकटों की जालसाजी को लेकर कोई विशेष कानून नहीं क्या भारत में टिकटों की जालसाजी को लेकर कोई कानून है? इसका जवाब जानने के लिए हमने एक लॉयर अली काशिफ खान देशमुख से संपर्क किया। उन्होंने कहा, ‘सिनेमा के टिकटों के अलावा अन्य मनोरंजन के टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग पर प्रतिबंध के लिए कोई विशेष कानून नहीं है।
फिलहाल, सिर्फ IPC की धारा 406, 420 या BNS और IT एक्ट के प्रावधान ही इस मामले में लागू होते हैं। इसलिए सरकार को इस तरह के गैरकानूनी कामों पर रोक लगाने के लिए एक ठोस कानून बनाना चाहिए।’
पूर्व ACP मुंबई, वसंत ढोबले ने कहा कि बुक माई शो के खिलाफ अगर जालसाज ऐसी बातें कर रहे हैं, तो उन्हें सामने आकर सफाई देनी चाहिए। उनके कंप्लेन को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई हो सकती है।
म्यूजिकल कॉन्सर्ट में उमड़ती है लाखों की भीड़, शामिल होने के लिए लोग पागल इंडिया में म्यूजिकल कॉन्सर्ट को लेकर हाल के सालों में बहुत अधिक उत्साह देखने को मिल रहा है। पंजाबी और विदेशी सिंगर्स के कॉन्सर्ट में हजारों-लाखों की संख्या में भीड़ उमड़ रही है। लोग इन कॉन्सर्ट में शामिल होने के लिए पागल हो रहे हैं, शायद इसी वजह से पैसे खर्च करने में भी पीछे नहीं हट रहे हैं।
Kumkum sharma 

