वरमाला से ठीक पहले नशे में धुत मिला दूल्हा, दुल्हन ने शादी से किया इनकार, युवक को बनाया गया बंधक
बिहार के जहानाबाद में नशे में धुत दूल्हे को देखकर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। इसके साथ ही लड़की पक्ष ने दूल्हे को बंधक भी बना लिया।
बिहार के जहानाबाद में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब वरमाला से ठीक पहले दूल्हा नशे की हालत में अजीब हरकतें करने लगा। दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। दरअसल, ये पूरा मामला ओकरी थाना क्षेत्र के देवरा-मठ गांव की है। दुल्हन द्वारा शादी से इनकार से नाराज बारातियों ने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और शादी स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक होने लगी। जिसके बाद बाराती अंधेरे का फायदा उठाकर भाग खड़े हुए। नाराज लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे को बंधक बना लिया। रात भर चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद आज सुबह मामला पुलिस तक पहुंच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दूल्हे को ग्रामीणों से मुक्त करा कर अपने साथ थाने ले गयी।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, देवरा-मठ गांव निवासी नागेंद्र राम की पुत्री नेहा कुमारी की शादी पटना के पुनाईचक मोहल्ला निवासी छोटू कुमार उर्फ रंजन के साथ तय हुई थी। लड़की पक्ष की ओर से शादी को लेकर भव्य तैयारी की गई थी। पूरे गांव को सजाया गया था और मेहमानों के स्वागत के लिए भोज-भंडारे की विशेष व्यवस्था की गई थी। ढोल-नगाड़े और बैंड-बाजे के साथ बारात देवरा-मठ गांव पहुंची। जहां सेहरा बांधे दूल्हा भी बारात के साथ आया। शुरुआत में सभी रस्में सामान्य रूप से पूरी हुईं। लेकिन वरमाला से पहले द्वारपूजा के समय अचानक दूल्हे की हालत बिगड़ने लगी। वह गाड़ी से उतरते ही लड़खड़ाने लगा और अजीबोगरीब हरकतें करने लगा।
दूल्हे को बनाया गया बंधक
लड़की पक्ष के लोगो का आरोप है कि दूल्हा द्वारपूजा के समय भी शराब पीते देखा गया जिसके बाद लड़की के भाई ने इसकी जानकारी दुल्हन को दी। इसके बाद दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद लड़की पक्ष के लोग नाराज हो गए और उन्होंने दूल्हे को रोक लिया। लड़की पक्ष का कहना था कि शादी की तैयारी में लाखों रुपये खर्च हुए हैं और जब तक इसकी भरपाई नहीं होगी, तब तक दूल्हे को नहीं छोड़ा जाएगा। इसको लेकर देर रात तक दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और हंगामा भी होता रहा। पूरी रात गांव में तनाव का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे रहे।
दूल्हे ने क्या बताया?
वहीं, बंधक बने दूल्हे ने बताया कि वह बारात लेकर देवरा-मठ गांव आया था जहां द्वारपूजा के दौरान सिगरेट पीते हुए गाड़ी से उतरा था। इस दौरान वह थोड़ा लड़खड़ा गया था। दूल्हे ने कहा कि उसने नशा नहीं किया था, बल्कि पटना के डाकबंगला के पास ठंडई पी थी। हालांकि, दुल्हन और उसके परिवार ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। वहीं, दुल्हन ने अपने निर्णय पर कायम रहते हुए शादी से स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुल्हन के फैसले के बाद बारात बिना शादी के ही बेरंग वापस लौट गई।
Kumkum sharma 

