Rajasthan: विधायक राजेंद्र बिधूड़ी ने परिवहन दस्ते को अवैध वसूली करते पकड़ा, गार्ड समेत चार लोग बैग लेकर फरार
राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं से कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी ने परिवहन विभाग आरटीओ के हाइवे पर चेकिंग करते दस्ते को वसूली करते पकड़ लिया। दो गार्ड समेत चार लोग बैग लेकर मौके से भाग गए। परिवहन दस्ते की गाड़ी में 61 हजार 561 रुपये की नकदी मिली है।
चित्तौड़गढ़ के गंगरार क्षेत्र में जोजरों का खेड़ा टोल नाके पर वाहनों की चेकिंग कर रहे परिवहन विभाग (आरटीओ) के दस्ते को बेगूं विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी ने वसूली करते पकड़ लिया। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। इस दौरान दस्ते में शामिल दो गार्ड समेत चार लोग बैग लेकर भाग गए। मौके पर मिले एक बैग में 61 हजार 561 रुपये कैश मिला, जो चालान काटकर वसूल करना बताया जा रहा है। विधायक बिधूड़ी की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अब घटना की विभागीय स्तर पर पड़ताल की जा रही है।बेगूं विधायक के साथ आए लोगों ने परिवहन दस्ते की गाड़ी में भरे रुपये निकालकर दिखाते विधायक और दस्ते के गार्ड्स का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था, जिसे उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। विधायक बिधूड़ी ने चित्तौड़गढ़ सर्किट हाउस में मंगलवार को मीडिया को बताया कि सोमवार रात वह पार्टी की हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा में निकले थे। तभी एक वाहन चालक ने उन्हें शिकायत कर बताया कि जोजरों का खेड़ा टोल नाके के पास परिवहन विभाग की गाड़ी खड़ी है, 5-7 लोग वाहन चालकों को धमकाकर दो हजार रुपये की पर्ची काटने के बदले पांच हजार रुपये मांग रहे हैं।विधायक ने बताया कि वह अपनी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे तो इस अवैध वसूली का खुलासा हुआ। दो गार्ड समेत चार लोग वहां से भाग गए, जिनकी जेब में रुपये थे। भागने वालों के नाम राम सिंह, पप्पू सिंह, गोविन्द और लक्ष्मण अहीर बताए गए हैं। विधायक बिधूड़ी ने कहा, जब मैंने तलाशी ली तो चालक के पास वाली सीट के नीचे बैग में नकली रखी मिली। इसकी सूचना देने पर गंगरार के उपखण्ड अधिकारी रामस्वरूप गुर्जर, तहसीलदार, गंगरार थाना प्रभारी शिवलाल मीणा वगैरह मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने बैग में रखी नकदी की गिनती की, तो 61 हजार 561 रुपये पाए गए। इसमें 32 चालान की एक लाख 15 हजार 500 रुपये परशमन राशि और 62 हजार रुपये नकद प्राप्त करना मशीन के अनुसार पाया गया।
विधायक ने बताया कि यह राशि जायज होने से विभाग के इंस्पेक्टर विक्रम सालवी को लौटा दी गई। लेकिन जेबों में रुपये भरकर भागे चारों व्यक्तियों को पकड़ा नहीं जा सका। गंगरार तहसीलदार ने मौका पर्चा भी बनाया है। इस दौरान वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रदेश में सड़कों पर हो रहा भ्रष्टाचार...
विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी ने कहा, जब उन्होंने मौके पर गार्ड्स से पूछताछ की थी, तो उन्होंने बताया गया कि उच्च अधिकारियों को पैसे देने पड़ते हैं। विधायक बोले, प्रदेश में सड़कों पर भ्रष्टाचार चल रहा है। उन्होंने आरटीओ अधिकारी पर भी कई आरोप लगाए। साथ ही कहा कि उन्होंने इस भ्रष्टाचार को लेकर कई बार मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखे हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि यह अवैध उगाही बड़े लोगों के लिए की जा रही है।
चार महीने पहले बीजेपी विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने पकड़ी थी अवैध वसूली...
चित्तौड़गढ़ में आरटीओ की अवैध वसूली की यह घटना नई नहीं है। इससे चार महीने पहले बीजेपी विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने ओछड़ी टोल से कुछ दूरी पर चित्तौड़गढ़ रोड की तरफ तैनात परिवहन विभाग के उड़न दस्ते को ट्रक ड्राइवर्स से रुपये लेते हुए पकड़ा था। विधायक आक्या की फटकार पर दस्ते का गार्ड कालू काठात हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए रुपये ट्रक चालक को वापस देने लगा और इंस्पेक्टर शकीला बानू भी अपनी सफाई देने लगी थीं।
जब विधायक आक्या ने बताया था कि ट्रक चालकों ने गार्डों पर आरोप लगाते हुए बताया कि 200 से 500 रुपये प्रत्येक ट्रक से अवैध वसूली की जा रही है। विधायक आक्या ने कहा था कि कांग्रेस राज में खुले में लूट खसोट दिनदहाड़े हो रही है। इस घटना के बाद चित्तौड़गढ़ डीटीओ ने संबंधित गार्ड को ब्लैक लिस्टेड करते हुए हटा दिया और महिला इंस्पेक्टर शकीला बानो को नोटिस देकर जवाब देने के लिए पाबंद किया। हालांकि इंस्पेक्टर शकीला बानो का कहना था कि जब विधायक जी आए थे। तो वाहनों की चेकिंग चल रही थी, उस समय पांच वाहनों के चालान बनाए थे, अवैध वसूली का आरोप गलत है।
Naresh Chouhan 

