Supreme Court: संदीप मेहता को हाईकोर्ट चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश, किसी हाईकोर्ट में नहीं राजस्थान से सीजे
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने देश में हाईकोर्ट मुख्य न्यायाधीश पद पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व नहीं होने का हवाला देकर राजस्थान हाईकोर्ट के सीनियर न्यायाधीश संदीप मेहता को चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश की है।
राजस्थान हाईकोर्ट के सीनियर जस्टिस संदीप मेहता को गुवाहाटी हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की है। पटना हाईकोर्ट के जस्टिस के. विनोद चंद्रन को इससे पहले दिसंबर में गुवाहाटी हाईकोर्ट सीजे बनाने की सिफारिश की गई थी, जिन्हें अब पटना हाईकोर्ट में ही चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश की गई है।
जस्टिस मेहता सहित चार जजों को हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश
प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने जस्टिस मेहता सहित चार न्यायाधीशों को अलग-अलग हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस बनाने का फैसला लिया है। इस सिफारिश को केंद्र सरकार के जरिए राष्ट्रपति को भेजा गया है। कॉलेजियम में राजस्थान हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस बनाने को लेकर बैठक में कोई फैसला नहीं लिया है।
सुप्रीम कोर्ट जस्टिस पद तक पहुंचने की उम्मीद
गुवाहाटी हाईकोर्ट चीफ जस्टिस बनाने के लिए सेलेक्ट किए गए जस्टिस संदीप मेहता का कार्यकाल 10 जनवरी 2025 तक रहेगा और उनके सुप्रीम कोर्ट जस्टिस पद तक पहुंचने की भी उम्मीद है। सुप्रीम कोर्ट जस्टिस बनने पर कार्यकाल तीन साल और बढ़ जाता है। जस्टिस मेहता 30 मई 2011 को एडवोकेट कोटे से राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस नियुक्त हुए थे।
जस्टिस के. विनोद चंद्रन को गुवाहाटी की जगह पटना हाईकोर्ट सीजे बनाने की सिफारिश
सुप्रीम कोर्ट ने 13 दिसंबर 2022 को जस्टिस के. विनोद चंद्रन को गुवाहाटी हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश की थी। अब जस्टिस चंद्रन को पटना हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस और जस्टिस संदीप मेहता को गुवाहाटी हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश की गई है।हिमाचल प्रदेश में हाईकोर्ट एक्टिंग जस्टिस सबीना को सीजे बनाने की सिफारिश
इसके अलावा कॉलेजियम ने हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में एक्टिंग सीजे सबीना को वहां चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश की है। जस्टिस सबीना इससे पहले राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर में जस्टिस रही चुकी हैं। कॉलेजियम ने त्रिपुरा हाईकोर्ट में जस्टिस अपरेश कुमार सिंह को चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश की है।
Naresh Chouhan 

