बढ़ रहा है खूबसूरती का बाजार:ब्यूटी इंडस्ट्री में करियर की अपार संभावनाएं हैं और अच्छा पैसा भी, आप भी ट्राई कर सकते हैं
there-are-immense-career-opportunities-in-the-beauty-industry-and-good-money-too-you-can-also-try
बदलती लाइफस्टाइल ने फैशन और ब्यूटी इंडस्ट्री को बहुत बड़ा बना दिया है। आज हर कोई अपने लुक्स को लेकर बहुत कॉन्शियस रहता है। फैशन और ब्यूटी को लेकर लोगों की बढ़ती दीवानगी ने इस इंडस्ट्री में करियर की कई नई अपॉर्चुनिटीज खोल दी हैं। इस इंडस्ट्री में करियर बनाना चाहते हैं तो ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज हुसैन बता रही हैं ब्यूटी इंडस्ट्री के बेहतरीन करियर ऑप्शंस।
ग्लोबल फैशन, फिटनेस और ब्यूटी ट्रेंड्स को लेकर बढ़ते क्रेज ने इन इंडस्ट्री में करियर के कई नए विकल्प भी शुरू कर दिए हैं। ग्रूमिंग को लेकर अब जागरूकता इतनी बढ़ गई है कि महिलाएं ही नहीं पुरुष भी स्किन केयर और ब्यूटी ट्रीटमेंट को अपने रूटीन में शामिल करने लगे हैं।
करियर में ग्रोथ के लिए जरूरी
आज पुरुष और महिला दोनों जानते हैं कि बेहतर दिखने से कॉन्फिडेंस बढ़ता है, जो आज के प्रतिस्पर्धी युग में करियर में आगे बढ़ने के लिए बहुत जरूरी है। ऐसे कई प्रोफेशन हैं जिनमें लुक्स बहुत मायने रखता है- पब्लिक रिलेशन, मीडिया, फ्रंट ऑफिस जॉब, हॉस्पिटैलिटी, टूरिज्म, मार्केटिंग व सेल्स, टेलीविजन, मॉडलिंग आदि इंडस्ट्रीज में अच्छे काम के साथ-साथ अच्छा दिखना भी बेहद जरूरी है।
ब्यूटी इंडस्ट्री में करियर
लोगों की खूबसूरत दिखने की चाहत के कारण ब्यूटी ट्रीटमेंट की डिमांड बढ़ी है। ब्यूटी बिजनेस में काम करने के लिए प्रशिक्षित लोगों की जरूरत होती है। इसलिए, बढ़ता ब्यूटी बिजनेस आकर्षक करियर के अवसर देता है। वे दिन गए जब आप लोकल ब्यूटीशियन के पास जाते थे, जो बाल कटाने, मैनीक्योर, पेडीक्योर, थ्रेडिंग और यहां तक कि फेशियल से लेकर सैलून के सारे काम वही करती थीं।
लोग अब हेयर स्टाइलिंग, हेयर कलरिंग, हेयर रिमूवल से लेकर स्पेशल ट्रीटमेंट और फेशियल तक के लिए ब्यूटी एक्सपर्ट के पास जाते हैं। मेकअप आर्टिस्ट की भी डिमांड बढ़ी है। स्पेशल ओकेजन के लिए लोग अब लोकल ब्यूटीशियन की बजाय मेकअप एक्सपर्ट्स के पास जाना पसंद करते हैं।
खूबसूरती की डिमांड बढ़ रही है
ब्यूटी इंडस्ट्री में अब इतनी बड़ी हो गई है कि यहां काम करने वालों की भी लगातार डिमांड बढ़ रही है। स्किन एक्सपर्ट से लेकर मेकअप-हेयर आर्टिस्ट के लिए काम की कोई कमी नहीं है। लोग अब ट्रेंड एक्सपर्ट से ही ब्यूटी ट्रीटमेंट लेना चाहते हैं इसलिए इस फील्ड में अभी भी ट्रेंड प्रोफेशनल की बहुत डिमांड है। जिनका काम अच्छा है, लोग बार-बार उसी से सर्विस लेना पसंद करते हैं। ऐसे में एक्सपर्ट की डिमांड लगातार बढ़ रही है।
इसी तरह स्किन केयर इंडस्ट्री में भी एक्सपर्ट्स की डिमांड बढ़ रही है। ऐसे लोगों की बहुत जरूरत है जो क्लाइंट की स्किन को समझते हुए सही ट्रीटमेंट सजेस्ट करें। ब्यूटी बिजनेस में करियर की बहुत संभावनाएं हैं और प्रोफेशनल ट्रेनिंग समय की मांग है।
सही ट्रेनिंग है जरूरी
ब्यूटी डिप्लोमा या प्रोफेशनल ट्रेनिंग में आपको ब्यूटी ट्रीटमेंट के साथ-साथ बिजनेस मैनेजमेंट, सैलून मैनेजमेंट, क्लाइंट हैंडलिंग आदि की ट्रेनिंग भी दी जाएगी। इसके बाद आप किसी किसी ब्रांड या कंपनी के लिए काम कर सकते हैं, अपना ब्यूटी सैलून शुरू कर सकते हैं, फ्रीलासिंग कर सकते हैं। यदि आपका काम अच्छा है तो मार्केट में आपका नाम बहुत जल्दी मशहूर हो जाएगा और लोग आपसे ही ब्यूटी ट्रीटमेंट लेना चाहेंगे।
विशेषज्ञ के अनुसार, ब्यूटी व वेलनेस बिजनेस को सफलतापूर्वक चलाने के लिए, सैलून ओनर को पता होना चाहिए कि ज्यादा लाभ कमाने के लिए किन व्यावसायिक पहलुओं पर ध्यान देना चाहिए। किसी प्रतिष्ठित ब्यूटी सैलून ब्रांड की फ्रेंचाइजी भी ली जा सकती है और आप चाहें तो ब्रांडेड सैलून की चेन भी खोल सकते हैं।
ब्यूटी इंडस्ट्री में करियर ऑप्शन
ब्यूटी में ट्रेनिंग का मतलब है कि ट्रेनिंग के बाद व्यक्ति कोई भी ब्यूटी थेरेपिस्ट, मसाज करने वाले, हेयर स्टाइलिस्ट, मेकअप आर्टिस्ट, मैनीक्यूरिस्ट या पेडीक्यूरिस्ट, इलेक्ट्रोलिसिस और लेजर थेरेपिस्ट, अरोमा थेरेपिस्ट आदि के रूप में रोजगार प्राप्त कर सकता है। सैलून या स्पा मैनेजर, ब्यूटी एडवाइजर, कॉस्मेटिक कंसल्टेंट, प्रोडक्ट कंसल्टेंट, फ्रीलांस ब्यूटीशियन या मेकअप आर्टिस्ट या योग टीचर या ब्यूटी स्कूल टीचर जैसे पदों पर भी काम किया जा सकता है।
सही ट्रेनिंग निश्चित रूप से बहुत सारे अवसर खोल देती है। यदि आप अच्छा मेकअप या हेयर स्टाइलिंग करते हैं तो फैशन बिजनेस, फिल्म, टीवी या वेब सीरीज की शूटिंग ऐसे क्षेत्र हैं जहां अच्छे मेकअप-हेयर आर्टिस्ट की बहुत डिमांड है और काम की कोई कमी नहीं है। इसके अलावा फैशन फोटो शूट, विज्ञापन, रनवे शो आदि के लिए मॉडल तैयार करने का काम सौंपा जाता है। हां, आपको बदलते ब्यूटी ट्रेंड्स की जानकारी होनी चाहिए और अपनी क्रिएटिविटी को हमेशा निखारते रहना चाहिए।
Naresh Chouhan 

