उदयपुर में बजरंग दल कार्यकर्ता का मर्डर:सीसीटीवी में पैदल भागते दिखे बदमाश, कई लोगों से चल रहा था प्रॉपर्टी विवाद; बंटी ने ली जिम्मेदारी

उदयपुर में बजरंग दल कार्यकर्ता का मर्डर:सीसीटीवी में पैदल भागते दिखे बदमाश, कई लोगों से चल रहा था प्रॉपर्टी विवाद; बंटी ने ली जिम्मेदारी

उदयपुर में बजरंग दल के कार्यकर्ता को दो बदमाशों ने शॉप के बाहर बुलाकर सिर में गोली मार दी। शॉप से लोग बाहर आए तो युवक सड़क पर पड़ा था। लोग उसे नजदीक के हॉस्पिटल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना उदयपुर के अंबामाता इलाके में सोमवार रात 8 बजे की है।

वही मर्डर के करीब 6 घंटे बाद एक बंटी नाम के युवक ने इसकी जिम्मेदारी लेते हुए फेसबुक पोस्ट किया। उसने लिखा कि राजू उसके मामा की करोड़ो की जमीन हथियाना चाहता था, इसी के चलते उसने गोली मार दी। प्रितम उर्फ बंटी ने पोस्ट करने के कुछ देर बाद उसका ये पोस्ट भी डिलीट कर दिया।

जानकारी के अनुसार 38 साल का राजू उर्फ राजेन्द्र परमार बजरंग दल में जिला संयोजक रह चुका है। वह प्रॉपर्टी व्यवसायी था। जिसके कारण कई लोगों से विवाद चल रहा था। सूचना पर बड़ी तादाद में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंच गए। ASP चंद्रशील ठाकुर समेत कई पुलिस अधिकारी भी हॉस्पिटल पहुंचे।

गोली मारने वाले बदमाश कौन थे और हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। फुटेज में दो युवक पैदल भागते नजर आ रहे थे। आशंका है कि इन युवकों ने ही राजू के गोली मारी है।

बताया जा रहा है कि गोली मारने वाले बदमाश पैदल ही परमार के पास आए थे। दोनों ने नजदीक से सिर में दो गोली मारी। पास में ही बिंदौरी निकलने से लोग गोली की आवाज नहीं सुन सके। थोड़ी देर बाद उधर से गुजर रहे लोगों को परमार सड़क पर अचेत मिला।

पहले से था फायरिंग का अंदेशा

राजू की गोवंश बचाने के साथ ही हिंदू संगठन के प्रमुख पदाधिकारी के रूप में उसकी पहचान थी। राजू को अपने ऊपर फायरिंग होने का अंदेशा पहले से था। इसी वजह से वह कुछ दिनों से अकेला निकलने से बच रहा था।

जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर पर हत्या का शक

मृतक राजू का हिस्ट्रीशीटर दिलीप नाथ के साथ कालीवास गांव में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। फिलहाल दिलीप नाथ तो सेंट्रल जेल में है। कहा जा रहा है कि दिलीप नाथ ने अपने गुर्गों से कह कर यह हत्या करवाई है।