पानी पर गर्मी: पानी भरने को लेकर आपस में भिड़ी दो महिलाएं, एक-दूसरे पर जमकर बर्तन बरसाए

पानी पर गर्मी: पानी भरने को लेकर आपस में भिड़ी दो महिलाएं, एक-दूसरे पर जमकर बर्तन बरसाए

पीने के पानी को लेकर गर्मी दिखाती यह तस्वीर खैमरी गांव की है। जहां पहले पानी भरने को लेकर दो महिलाएं आपस में भिड़ गईं। एक-दूसरे पर कलशों (बर्तनों) से हमले किए। वहां पानी भर रही एक-दो अन्य महिलाओं ने उन्हें छुड़ाया। झगड़े की नौबत इसलिए आई, क्योंकि यहां सरकारी नलों से सिर्फ 10 मिनट ही पानी आता है। इसलिए सप्लाई के दौरान यहां महिलाओं में आपसी झगड़े होना आम बात है। खैमरी निवासी रविन्द्र मीणा ने बताया कि 1500 से 2000 के बीच आबादी होने के बावजूद जलदाय विभाग ने यहां 5-6 पीएसपी पाॅइंट बनाए हैं।

चूंकि पेयजल आपूर्ति सिर्फ 10 मिनट ही होती है, इसलिए इनसे पूरे गांव में पेयजल आपूर्ति संभव नही है। अभी तो गर्मियां ठीक से शुरू भी नहीं हुई हैं, तब ये हालात हैं। गर्मियां शुरू होने के बाद पानी को लेकर क्या हाल होगा, इसका अंदाजा ही लगाया जा सकता है। सरमथुरा कस्बे में 2 से 3 दिन के अंतराल में पेयजल सप्लाई हो रही है।

सरमथुरा कस्बे के 82 गांव और मजरों में पानी संकट
ये स्थिति केवल खैमरा गांव की ही नहीं बल्कि सरमथुरा कस्बे के साथ मथारा समेत 82 गांव और मजरों में पानी का संकट गहरा गया है। ग्रामीणों को प्राइवेट टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी देवेन्द्र गुर्जर ने बताया कि हैंडपंप लंबे समय से खराब हैं। लोगों को अपने जरूरी काम छोड़कर दूर-दराज से पीने के पानी का इंतजाम करना पड़ रहा है।