विवाहिता का अपहरण कर खुर्जा ले गए 3 बदमाश, फिरौती नहीं देने पर दाे दिनों तक किया सामूहिक दुष्कर्म
अपने गांव रूंध इकरन से शहर भरतपुर में खरीददारी करने आई एक 33 वर्षीय विवाहिता का तीन बदमाशों द्वारा जबरन अपहरण कर उसे अपनी कार में पटक लेने और उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर खुर्जा यूपी ले जाने तथा होश आने पर 5 लाख रुपए की फिरौती की डिमांड करने तथा डिमांड पूरी नहीं होने पर उसके साथ दो दिनों तक सामूहिक रूप से दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। पीडि़ता की ओर से घटना के संबंध में तीन आरोपियों के खिलाफ थाना मथुरा गेट में नामजद मामला दर्ज कराया गया है।
मामले की जांच सीओ सिटी सतीश वर्मा कर रहे हैं। दुष्कर्म पीडि़ता विवाहिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 3 मई को वह अपने गांव रूंध इकरन से भरतपुर शहर में खरीददारी करने आई थी। शाम करीब 5 बजे जब वह वापस अपने गांव लौटने के लिए ऑटो की तलाश में थी, तभी बिजली घर चौराहा के पास एक कार में से तीन आरोपी युवक हनीफ गढी बुलंदशहर निवासी युसुफ व रविंद्र तथा एक अन्य युवक शैलेंद्र ने मुझे जबरन अपनी कार में पटक लिया।
तथा मुझे कपड़े के जरिए कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे मैं तत्काल बेहोश हो गई। जब मुझे होश आया तो पता चला कि बदमाश मुझे खुर्जा यूपी में ले आए हैं। जहां उन्होंने मुझसे 5 लाख रुपए की फिरौती की डिमांड की। मैंने अपने पति आदि परिजनों को अपने साथ घटित घटना के बारे में बताया और मेरे बदले फिरौती के रूप में 5 लाख रुपए का इंतजाम करने की बात कही।
लेकिन परिजनों ने 5 लाख रुपए का इंतजाम नहीं होने की बात कही। जब मेरे परिजन फिरौती की रकम का इंतजाम नहीं कर सके तो तीनों आरोपियों युसुफ, रविंद्र और शैलेंद्र ने जंगल में ले जाकर दो दिनों तक सामूहिक रूप से दुष्कर्म किया। जैसे-तैसे बमुश्किल मैं उनके चंगुल से निकल पाई और वापस सुरक्षित घर लौट पाई।


