घने कोहरे से एक के बाद एक 6 वाहन भिड़े:हाइवे पर लगा 4 किलोमीटर लंबा जाम, 6 लोग चोटिल
बहरोड़ में दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर गांव गुंती के पास घने कोहरे के कारण एक के बाद एक 6 वाहन आपस में भिड़ गए। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन दुर्घटना के बाद वाहनों का लंबा जाम लगा हुआ है। हादसे में जम्मू एंड कश्मीर का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं आधा दर्जन सवारियों को चोटें आई है। सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां उनका उपचार किया जा रहा है। यह हादसा दिल्ली से जयपुर जाने वाले हाईवे पर हुआ। सूचना के बाद बहरोड़ पुलिस मौके पर पहुंच गई है। वहीं हाईवे पेट्रोलिंग टीम भी मौके पर है।
हादसे में दो हरियाणा रोडवेज बस, एक जम्मू एंड कश्मीर की रोडवेज बस, एक इनोवा कार, एक मिनी ट्रक और ट्रेलर घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त मौजूद है। जबकि तीन वाहनों को लेकर चालक मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हाईवे पर अचानक से आवारा गाय आने के कारण एक के बाद एक वाहन आपस में भिड़ते चले गए।
धमाके के साथ आसपास आवाज पहुंची, तो होटलों पर काम कर रहे कर्मचारी और राहगीर मौके पर पहुंचे। बसों में सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाला और दूसरे वाहनों में बैठाकर जयपुर के लिए रवाना किया गया। करीब 100 मीटर आगे हुए दो बसों के हादसे के बाद जाम लग गया। उसके बाद करीब 100 मीटर पीछे जाम में खड़े हुए वाहन एक के बाद एक आपस में भीड़ गए।
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर करीब 4 किलोमीटर वाहनों का लंबा जाम लगा हुआ है। जिसमें कार, बस, ट्रक, एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं के वाहन फंसे हुए हैं।
Naresh Chouhan 

