चेतन शर्मा होंगे भारतीय टीम के चीफ सेलेक्टर कुरुविला और मोहंती सदस्य
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) की क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने गुरुवार को पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज चेतन शर्मा को सीनियर राष्ट्रीय चयन पैनल का अध्यक्ष नियुक्त किया। सीएसी ने 5 सदस्यीय टीम में अबे कुरुविला और देबाशीष मोहंती का भी चयन किया। तीनों सुनील जोशी और हरविंदर सिंह के साथ जुड़ जाएंगे, जिसमें चेतन शर्मा पैनल के अध्यक्ष होंगे।
चेतन शर्मा 3 जनवरी को 55 साल के हो जाएंगे। उन्होंने 23 टेस्ट मैच खेले हैं और गुरुवार को साक्षात्कार में शामिल 11 उम्मीदवारों में से एक थे। बीसीसीआई के मुताबिक, सीएसी एक साल बाद तीनों चयनकर्ताओं की समीक्षा करेगी। बीसीसीआई की अहमदाबाद में 89वीं सालाना आम बैठक के मौके पर ही नए पैनल का गठन किया गया। पूर्व भारतीय खिलाड़ी शर्मा करीब 11 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर (1983-94) में 23 टेस्ट और 65 वनडे में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जिसमें 1987 विश्व कप में हैट्रिक लेना चर्चित उपलब्धि है।
चेतन शर्मा ने 16 साल की उम्र में हरियाणा के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलना शुरू किया. उन्होंने 18 वर्ष की उम्र में टेस्ट पदार्पण किया। जिससे एक साल पहले उन्होंने दिसंबर 1983 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना वनडे आगाज किया था. चेतन शर्मा ने टेस्ट में 61, जबकि वनडे इंटरनेशनल में 67 विकेट चटकाए।


