क्लैट: 10 सवाल गलत होने का दावा, नई आंसर-की 3 को आएगी

क्लैट: 10 सवाल गलत होने का दावा, नई आंसर-की 3 को आएगी

लाॅ विशेषज्ञों और स्टूडेंट्स ने देश की 22 लॉ स्कूल्स में प्रवेश के लिए सोमवार काे हुई कॉमन लॉ एंट्रेंस टेस्ट (क्लैट) में 10 सवाल गलत पूछने का दावा किया है। मंगलवार रात 12 बजे तक इन आपत्तियों को कन्सोर्टियम काे भी भेज दिया गया है। इन पर ग्रीविएंस कमेटी की ओर से निर्णय होने के बाद 3 अक्टूबर को संशोधित आंसर-की जारी की जाएगी।

सोमवार को हुई क्लैट में पेपर लंबा व कठिन था। विशेषज्ञों का मानना था कि इसके चलते कट ऑफ 80 से 90 के बीच रहेगी। कन्सोर्टियम ने सोमवार शाम ही परीक्षा पेपर व असंशोधित आंसर-की जारी कर दी, जिसे देख विशेषज्ञों ने दावा किया कि गणित के पांच, जीके के दो, लीगल रीजनिंग का एक व लॉजिकल रीजनिंग के दो सवाल गलत हैं।

इनके उत्तर या तो ऑप्शन में ही नहीं हैं या सवाल ही गलत हैं। इसी आधार पर स्टूडेंट्स ने भी आपत्तियां भेजी हैं। कन्सोर्टियम का कहना है कि आपत्तियों पर ग्रीविएंस कमेटी निर्णय लेगी। उसी के आधार पर अंतिम संशोधित आंसर-की जारी की जाएगी।

एक्सपर्ट ने कहा- गणित के ये सवाल हल ही नहीं हो सकते हैं और भी कई गलतियां

  • गणित के सवाल संख्या 136 से 150 के बीच कुल 15 प्रश्न पूछे गए थेे। प्रश्न संख्या 146 से 150 हल नहीं हो सकते। उत्तर भी नहीं निकल सकता। ये सेमी सर्किल से जुड़े थे।
  • लॉजिकल रीजनिंग के प्रश्न संख्या 113 व 128 गलत हैं। इनका सही उत्तर ऑप्शन में है, लेकिन आंसर-की में जो उत्तर बताया गया है, वह गलत है।
  • जीके के प्रश्न 35 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा दिए गए पैकेज के वितरण का फॉर्मूला क्या है? जिसका उत्तर 39:39:22 होता है, लेकिन ये उत्तर ऑप्शन में ही नहीं था। कन्सोर्टियम का उत्तर 34:33:33 है। वहीं प्रश्न 45 में पूछा राफेल डील का ऑप्सेट पार्टनर कौन है? जिसका उत्तर आरएनईएल है, जो ऑप्शन में भी है, लेकिन आंसर-की में सही उत्तर रिलायंस डिफेंस था।
  • लीगल रीजनिंग में प्रश्न 103 : हैट स्पीच के लिए मिस्टर ए को जिम्मेदार माना जाएगा या नहीं। आंसर-की में जिम्मेदार माना। विशेषज्ञों का दावा है कि हैट स्पीच की परिभाषा ही नहीं दी गई तो स्टूडेंट उत्तर कैसे देगा?