चेन से बांध 6 लाख रुपए भरा एटीएम उखाड़ ले गए बदमाश, 15 मिनट में की वारदात
ग्राम मौजपुर में गुरुवार रात्रि करीब 1.30 बजे बदमाश पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम उखाड़कर ले गए। जिसमें करीब 6 लाख रुपए रखे हुए थे। बदमाशों ने मात्र 15 मिनट में इस घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पीएनबी शाखा के अधिकारी व कर्मचारी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया।
थानाधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि रात्रि को सूचना मिली कि अज्ञात बदमाश पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम उखाड़कर ले गए। इस पर घटना स्थल का मुआयना कर चारों तरफ नाकेबंदी कराई गई। लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा। थानाधिकारी ने बताया कि एटीएम उखाड़ने के लिए बदमाश पिकअप लेकर आए थे।
वारदात में 6-7 व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है। आरोपियों ने कैमरे को स्प्रे किया तथा एटीएम को चैन से बांधकर ले जाने के साक्ष्य मिले हैं। शुक्रवार सुबह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमन मीना ने घटना स्थल का दौरा किया और साक्ष्य जुटाए। पीएनबी ब्रांच मैनेजर जेपी मीना ने बताया कि एटीएम में 6 लाख 4 हजार रुपए रखे हुए थे।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उन्होंने बताया कि रात्रि 1.25 से 1.40 बजे तक 15 मिनट में बदमाश एटीएम को उखाड़कर ले गए। यह एटीएम दुकान के अंदर लगा हुआ था। रोजाना रात को एटीएम वाली दुकान का शटर लगाकर ताला लगा दिया जाता था। इस कारण वहां कोई सुरक्षा गार्ड नहीं था। उन्होंने बताया कि जनवरी 2020 में बदमाशों ने इस एटीएम से पैसे निकालने का प्रयास किया था। लेकिन वो उसमें सफल नहीं हो पाए थे।
एसपी ने निरीक्षण कर बैठक ली
कस्बे में एटीएम उखाड़ने की वारदात के बाद जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने शुक्रवार शाम घटना स्थल का दौरा कर इस संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। इसके बाद एसपी ने पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय पर पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर क्षेत्र में बढ़ रहे अपराध को रोकने के लिए कारगर कदम उठाने सहित अन्य आवश्यक निर्देश दिए। गौरतलब है कि 31 मई 2018 को कस्बे में टाटा इंडिकॉम के एटीएम से 2 लाख 85000 हजार रुपए की लूट की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस आज तक आरोपियों का पता नहीं लगा सकी है।
मौजपुर के पूर्व सरपंच रामेश्वर जैन द्वारा एटीएम उखाड़ने की सूचना रात्रि 1.35 बजे पर मिली थी। मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का जायजा लिया गया और नाकेबंदी कराकर संदिग्ध लोगों के बारे में पड़ताल की गई। पुलिस अधीक्षक अलवर के निर्देशानुसार आगे की कार्यवाही की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर लिया जाएगा। - अजीत सिंह, थानाधिकारी लक्ष्मणगढ़


