जेईई एडवांस्ड का प्रवेश पत्र जारी, इस बार एसएमएस से मिलेगा रिपाेर्टिंग टाइम

जेईई एडवांस्ड का प्रवेश पत्र जारी, इस बार एसएमएस से मिलेगा रिपाेर्टिंग टाइम

जेईई एडवांस्ड 27 सितंबर को देश के 212 शहरों में सुबह 9 से 12 और दोपहर 2:30 से 5:30 बजे होने जा रही है। इस परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। इस वर्ष कोटा में भी परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कॅरिअर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा के अनुसार इस वर्ष 4 पेज का प्रवेश पत्र दिया है। पहले पेज में स्टूडेंट्स का एडमिट कार्ड एवं सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म दिया है। सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म में स्टूडेंट्स से कोविड-19 संबंधित जानकारियां मांगी हैं। जिसे भरकर स्टूडेंट्स को स्वयं एवं अपने अभिभावक के हस्ताक्षर करवाने होंगे।

स्टूडेंट्स को इस डिक्लरेशन फॉर्म एवं प्रवेश पत्र को जेईई एडवांस्ड पेपर-2 शुरू होने के बाद परीक्षक को देना होगा। स्टूडेंट्स को प्रवेश पत्रों में रिर्पोटिंग टाइम नहीं दिया गया है। रिर्पोटिंग टाइम सभी स्टूडेंट्स को परीक्षा शुरू होने से पहले एसएमएस के माध्यम से बताया जाएगा, जिससे स्टूडेंट्स अपने रिर्पोटिंग टाइम के अनुसार परीक्षा केंद्र पर पहुंच सकें और सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्णतया पालन किया जा सके।

परीक्षा के दाैरान आईडी प्रूफ ले जाना जरूरी : स्टूडेंट्स को प्रवेश पत्र के साथ कोई भी एक आईडी प्रूफ जैसे आधार कार्ड, स्कूल आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, पासपोर्ट एवं पैन कार्ड अपने साथ लेकर जाने होंगे। स्टूडेंट्स के प्रवेश पत्रों पर दिए बारकोड को बारकोड रीडर के माध्यम से पढ़कर परीक्षा केंद्रों के एंट्री प्वाइंट पर ही उन्हें परीक्षा देने के लिए लैब आवंटित कर दी जाएगी।

स्टूडेंट्स को परीक्षा देने के लिए उनका कंप्यूटर सिस्टम परीक्षा चालू होने से आधा घंटा पूर्व आवंटित कर दिया जाएगा। रफ वर्क के लिए प्रत्येक पेपर में स्क्रैंबल पैड दिए जाएंगे। स्क्रैंबल पैड को स्टूडेंट अपने साथ ले जा सकते हैं। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही रिंग, ब्रेसलेट, ईयररिंग्स, नोज पिन, ताबीज़ आदि पहनकर नहीं जाने की सलाह दी गई है। बड़े बटन वाले कपड़े भी पहन के नहीं जाने की सलाह दी गई है।

इस बार स्टूडेंट्स काे नहीं दी जाएगी अतिरिक्त रफ वर्कशीट

एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि जेईई एडवांस्ड-2020 के नियमानुसार स्टूडेंट्स को प्रश्न पत्र हल करने के लिए निश्चित मात्रा में रफ-वर्कशीट्स दी जाएंगी।स्टूडेंट्स के आग्रह करने पर अतिरिक्त रफ-वर्कशीट्स नहीं दी जाएंगी स्टूडेंट्स रफ-वर्कशीट्स का समुचित प्रयोग करें अन्यथा स्थान के अभाव में बड़ी परेशानी हो सकती है। एक और महत्वपूर्ण बात है कि स्टूडेंट्स काे परीक्षा समाप्त होने पर एडमिट कार्ड इनविजीलेटर को जमा कराना अनिवार्य है।

एडमिट कार्ड जमा न कराने पर स्टूडेंट्स के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जा सकती है। जिसके तहत पात्रता भी रद्द हो सकती है। शर्मा ने बताया कि कंप्यूटर टर्मिनल पर पहुंचकर स्टूडेंट़्स परीक्षा प्रारंभ होने के 25 मिनट पहले लॉगइन कर सकते हैं। लॉगइन आईडी स्टूडेंट्स का जेईई एडवांस्ड का रोल नंबर ही है तथा पासवर्ड स्टूडेंट्स की जन्म तिथि।

स्टूडेंट्स को कंप्यूटर स्क्रीन पर स्वयं का नाम तथा फोटो भी दिखाई देगा। स्टूडेंट्स को एडमिट कार्ड का प्रिंट, ओरिजिनल फोटो आईडेंटिटी कार्ड, पर्सनल सेनेटाइजर, मास्क, ट्रांसपेरेंट वाटर बाॅटल तथा पेन-पेंसिल लेकर जाना होगा।