छुट्टी आए फौजी ने ग्रामीणों के सहयोग से 20 दिन में तैयार करवा दिया खेल मैदान
मन में कुछ अलग करने की तमन्ना हो तो रुकावटों के बावजूद सफलता खुद चल कर सामने आती हैं, ऐसा ही उदाहरण निकटवर्ती भिंयाड़िया गांव के फौजी लालचंद जाणी ने डेढ़ महीने की छुट्टी के दौरान मात्र 20 दिन में कर दिखाया। गांव के युवाओं को फौज में भर्ती होने के लिए सुबह-सुबह सड़क पर दौड़ लगाते और पेड़ों की टहनियों से लटक कर भीम निकालकर तैयारी करते देखा तो फौजी जाणी ने गांव में खेल मैदान तैयार करने की मन में ठानी।
उन्होंने सरपंच मोहनी देवी, बुद्धाराम खिलेरी, प्रिंसिपल जयप्रकाश खिलेरी, अध्यापक पुनाराम, सहायक अभियंता साजनराम भादू, कनिष्ठ अभियंता प्रेमसुख बैरड सहित अन्य गणमान्य लोगों से गांव में खेल मैदान का निर्माण करवाने की चर्चा की। फिर कुछ युवाओं को साथ लेकर खेल मैदान तैयार करवाने में लग गए।
खेल मैदान बनने के बाद अब गांव की विभिन्न ढाणियों के 80 से अधिक युवक फौज में भर्ती होने के लिए प्रातः 5 बजे से यहां प्रैक्टिस करने के लिए पहुंच जाते हैं। ग्रामीणों ने फौजी की पहल की सराहना की है। फौजी लालचंद ने बताया कि वह चाहता है कि गांव के युवा सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करे।


