सड़क हादसा: बस की टक्कर से युवक के जन्मदिन पर हुई मौत

सड़क हादसा: बस की टक्कर से युवक के जन्मदिन पर हुई मौत

जयपुर: युवक के बर्थडे पर उसे दिनभर लंबी उम्र की शुभकामनाएं मिलती रहीं। लेकिन कोई नहीं जानता था कि चंद घंटों बाद ही युवक दुनियां को अलविदा कह जाएगा। शहर के अजमेर रोड, सोढाला तिराहे पर बीती देर रात को बर्थडे पर दोस्तों के साथ बाइक से घर लौट रहे रितेश सिंह उर्फ बिट्‌टू (20) की सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं, उसके दोनों दोस्त उमर कुरैशी व सूरज शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें लोगो की मदद से जयपुर के एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया। जहां एक घायल आईसीयू में भर्ती है। यह हादसा तेज रफ्तार वीडियोकोच बस के चालक की लापरवाही से होना बताया जा रहा है। पुलिस ने बुधवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। हादसे का पता चलने पर रितेश के घर में कोहराम मच गया। सोशल मीडिया पर उसे बर्थडे विश करने वाले परिवार और साथी उसको श्रद्धांजलि देने लगे।

मृतक के पिता ने बताया - रितेश को रात को पेट में दर्द हुआ तब दोस्त डॉक्टर को दिखाने की कहकर गए थे।

एएसआई वीर सिंह के मुताबिक हादसे में रितेश सिंह उर्फ बिट्‌टू (20) की मौत हो गई। वह अपने नाना के पास राकड़ी सोढाला स्थित गोविंदपुरी कॉलोनी में रहता था। वहीं, हादसे में घायल उमर कुरैशी व सूरज शर्मा भी साेढाला के रहने वाले है। रितेश के पिता बजरंग सिंह ने पुलिस को बताया कि 24 नवंबर को रितेश का जन्मदिन था। दिनभर उसे सोशल मीडिया पर बर्थडे विशेज मिल रही थी। लेकिन, रात को रितेश के पेट में दर्द हो गया। तब उसका दोस्त उमर कुरैशी अपनी बाइक लेकर आया। वह अपने दोस्त सूरज शर्मा के साथ उसे डॉक्टर को दिखाने की बात कहकर साथ ले गए। रात 12 बजे वे तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। वे सोढाला तिराहे पर पहुंचे। यहां से संजीवनी हॉस्पिटल की तरफ जाने वाले रास्ते पर घूमने लगे। तभी एक बस ने चौराहे पर बाइक को टक्कर मार दी। इससे रितेश सिंह की मौत हो गई। वहीं तीनों दोस्त लहूलुहान हालत में गिर पड़े। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

बाइक को टक्कर मारने के बाद बस ने ट्रेफिक सिग्नल तोड़ा

वहीं, बाइक को टक्कर मारने के बाद तेज रफ्तार बस ने वहां लगे ट्रेफिक सिग्नल पोल को भी तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि बस की टक्कर से दो कारें भी क्षतिग्रस्त हुई। सड़क दुर्घटना थाना दक्षिण पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। यह एक निजी ट्रेवल कंपनी की बस थी, जो कि दिल्ली से अहमदाबाद जा रही थी।