कांग्रेस: गुजरात के राज्यसभा सांसदअहमद पटेल का निधन

कांग्रेस: गुजरात के राज्यसभा सांसदअहमद पटेल का निधन

जयपुर: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं गुजरात से राज्यसभा सांसद अहमद पटेल के निधन पर सीएम अशोक गहलोत, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा, प्रतापसिंह खाचरियावास, शांति धारीवाल, बीडी कल्ला, प्रमोद जैन भाया, लालचंद कटारिया, सरकारी मुख्य सचेतक महेश जोशी, राजीव अरोड़ा, धर्मेंद्र राठौड़ और रणदीप धनकड़ समेत कई नेताओं ने गहरा शोक जताया है। सीएम ने इसे कांग्रेस पार्टी के लिये बहुत बड़ी क्षति बताया है। पटेल के निधन के बाद राजस्थान कांग्रेस में शोक की लहर छायी हुई है । पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पटेल को सोशल मीडिया पर श्रद्धाजंलि दे रहे हैं। सीएम अशोक गहलोत ने पटेल के निधन पर ट्वीट कर कहा कि "वरिष्ठ नेता और दोस्त अहमद पटेल का असमय निधन कांग्रेस पार्टी और मेरे जैसे कार्यकर्ताओं के लिए बहुत बड़ी क्षति है। पार्टी के प्रति उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उनकी आत्मा को शांति मिले। परिजनों के प्रति गहरी संवेदना"।

सचिन पायलट ने ट्वीट कर कहा कि "अहमद पटेल जी के निधन से अत्यंत दुखी हूं। पटेल ने एक शून्य छोड़ दिया है, जिसे भरा नहीं जा सकता। वे एक समर्पित कांग्रेसी, राष्ट्रवादी, मित्र और मार्गदर्शक थे "। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने भी ट्वीट कर कहा कि ''कांग्रेस पार्टी के मजबूत स्तम्भ अहमद पटेल जी के देहांत का दुखद समाचार मिला। भारतीय राजनीति में उनकी क्षतिपूर्ति कभी नहीं हो सकेगी। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करने एवं उनके परिवारजनों को यह आघात सहने का संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं"।

राजस्थान कांग्रेस की अंदरूनी सियासत पर भी असर पड़ेगा।

अहमद पटेल के निधन से राजस्थान कांग्रेस की अंदरूनी सियासत पर भी असर पड़ेगा। अहमद पटेल सीएम अशोक गहलोत और सचिन पायलट खेमे से सुलह के बाद गठित 3 सदस्यीय कमेटी के अहम सदस्य थे।