पति से दूसरी शादी करने की कह पत्नी ने मुंहबोले मामा के साथ फांसी लगाई
कस्बे के समीप तहनौली गांव में मुंहबोले मामा के साथ भांजी का शव पेड़ पर लटका मिला। दोनों ही विवाहित थे। मृतका भारती (22) का विवाह 25 दिन पहले ही रामगढ़ के गांव निवाली में विष्णु पंजाबी से हुआ था। दो दिन पहले पति विष्णु उसे पीहर तहनौली छोड़कर गया था। मृतक पवन कुमार (35) दो बच्चों का पिता था। उसकी पत्नी 10 माह पहले उसे छोड़ गई थी। पुलिस प्रथमदृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग का मान रही है। शवों का पोस्टमार्टम करा शव मिलने का मामला दर्ज किया है।
थानाधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9.30 बजे गांव के सरपंच संजीव कुमार से गांव के समीप एक पेड़ पर युवक-युवती के शव लटके होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंच ग्रामीणों की मदद से शव नीचे उतारे। जिनकी पहचान पवन व भारती के रूप में हुई। प्रथम दृष्टया पर प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। मामले की जांच की जा रही है।


