गणतंत्र दिवस की फाइनल रिहर्सल एडीएम ने किया परेड का निरीक्षण

गणतंत्र दिवस की फाइनल रिहर्सल एडीएम ने किया परेड का निरीक्षण
रिहर्सल में पुलिस जवानों का मार्च पास्ट

अजमेर में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह पटेल मैदान में कोरोना गाइडलाइन के अनुरूप होगा। इसके लिए फाइनल रिहर्सल रविवार को की गई। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर कैलाश चन्द शर्मा ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। अर्ध सैनिक बल, पुलिस की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया। शारिरिक शिक्षकों ने योग व सूर्य नमस्कार तथा शिक्षिकाओं ने डांस की प्रस्तुति दी।

रिहर्सल में परेड की सलामी
रिहर्सल में परेड की सलामी

स्वतंत्रता सेनानी को आवास पर ही भेजा जाएगा बधाई संदेश
एडीएम शर्मा ने बताया कि हर साल की तरह हर्षोल्लास व धूमधाम से होने वाला समारोह इस बार नहीं होगा। कोरोना गाइड लाइन की पालना की जाएगी। बच्चों, स्वत़ंत्रता सेनानी एवं बुर्जुगों को उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया जाएगा। स्वत़ंता सैनानियों को उनके घर पर ही जिला प्रशासन की ओर से बधाई संदेश भेजा जाएगा।

मास्क लगाकर आना होगा, रखनी होगी सोशल डिस्टेंसिंग
कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य रहेगा। इस दौरान सोशल डिस्टेन्सिंग भी रखनी होगी। कार्यक्रम स्थल पर आगन्तुकों के लिए थर्मल स्कैनिंग तथा सैनिटाइजेशन की व्यवस्था रखी जाएगी। इसी तरह योग्यता प्रमाण-पत्र अथवा पुरस्कार वितरण संबंधी कार्यक्रम भी स्थगित रखा गया है।

रिहर्सल में डांस की प्रस्तुति
रिहर्सल में डांस की प्रस्तुति

शारीरिक शिक्षक व पुलिस जवान देंगे प्रस्तुति
पटेल मैदान में होने वाले जिला स्तरीय समारोह में स्कूली बच्चों की ओर से कोई प्रस्तुति नहीं दी जाएगी। लेकिन शारीरिक शिक्षकों को 22 मिनट के लिए समय मिलेगा, जिसमें वे अपनी प्रस्तुतियां देंगे। समारोह में अर्ध सैनिक बल, पुलिस की टुकड़ियां भी भाग लेंगी। सूर्य नमस्कार व योग में 25 महिला व 25 पुरुष शिक्षक भाग लेंगे। इसी प्रकार दो डांस के कार्यक्रम है, जिसमें सभी पचास शारीरिक शिक्षक भाग लेंगे।

सुरक्षा के बंदोबस्त होंगे, राजकीय भवनों पर ध्वजारोहण
गणतंत्र दिवस पर पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं जांच आदि से संबंधित सभी व्यवस्थाएं रखी जाएगी। साथ ही राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा, लेकिन इस दौरान भीड नहीं होगी और कोरोना गाइडलाइन की पालना की जाएगी।