व्हिटनी से शादी करना चाहता था ओसामा बिन लादेन:दुनिया की सबसे खूबसूरत महिला मानता था, इनके पति को मारने की प्लानिंग भी की थी
american-singer-whitney-houston-controversial-same-sex-relationship-osama-bin-laden
अमेरिकन सिंगर व्हिटनी ह्यूस्टन दुनिया की ऑलटाइम पॉपुलर मानी गई हैं। व्हिटनी अश्वेत थीं, लेकिन आवाज में जादू था। दुनिया इनके गानों की दीवानी थी। इनके 20 करोड़ रिकॉर्ड्स बिके। 8 ग्रेमी, 2 एमी अवॉर्ड्स भी इन्होंने जीते। इनके नाम गिनीज बुक में 28 वर्ल्ड रिकॉर्ड्स भी दर्ज हैं।
इन सबसे अलग दिलचस्प बात ये है कि दुनिया का सबसे खूंखार आतंकवादी ओसामा बिन लादेन भी व्हिटनी का दीवाना था। वो व्हिटनी के पति की हत्या कर उनसे शादी करने को भी तैयार था।
व्हिटनी की जिंदगी में अच्छा-बुरा सब कुछ था। दौलत, शोहरत, ड्रग्स, रंगभेद की पीड़ा, लेस्बियन रिश्ता, पति और बेटी, माता-पिता से अलगाव, डिप्रेशन, करियर में गिरावट और फिर 48 साल की उम्र में रहस्यमयी तरीके से मौत।
विरासत में मिला था सिंगिंग का टैलेंट
व्हिटनी हस्टन का जन्म 9 अगस्त 1963 को नेवार्क, न्यूजर्सी में हुआ था। उनकी मां एमिली ह्यूस्टन ग्रैमी विजेता सिंगर थीं, जिन्हें सिस्सी नाम से भी जान जाता था। वहीं उनके पिता जॉन रसेल एक्स आर्मी सर्विसमैन थे। मॉडलिंग और टीवी कॉमर्शियल ऐड करने के बाद मां से विरासत में मिले सिंगिंग टैलेंट की बदौलत 21 साल की व्हिटनी बेहतरीन गाने देते हुए दुनियाभर में मशहूर हो गईं। इनका पहला हिट गाना होल्ड मी था। 21 साल की उम्र में ही व्हिटनी इंटरनेशनल स्टार और करोड़पति बन गई थीं।
ओसामा बिन लादेन करना चाहता था शादी
व्हिटनी ह्यूस्टन के फैन में दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकवादी ओसामा बिन लादेन का नाम भी शामिल था। ओसामा व्हिटनी का इतना दीवाना था कि इन्हें अपनी पत्नी बनाना चाहता था और अपना खार्तूम (सूडान) स्थित मैन्शन भी व्हिटनी के नाम करना चाहता था।
ओसामा के लिए व्हिटनी दुनिया की सबसे खूबसूरत महिला थीं। ये बात ओसामा की सेक्स स्लेव रहीं सूडानियन अमेरिकन नॉवलिस्ट कोला बूफ ने अपनी ऑटोबायोग्राफी ए डायरी ऑफ ए लॉस्ट गर्ल में लिखी थी। 1996 में कोला बूफ 6 महीने तक मोरक्को में ओसामा की सेक्स स्लेव रही थीं। उन्हें बंदी बनाकर रखा गया था। उन्होंने बुक में बताया है कि ओसामा अक्सर व्हिटनी के बारे में बात किया करता था और उसकी स्माइल पर फिदा था।
करोड़ों रुपए लगाकर व्हिटनी से मिलने अमेरिका जाना चाहता था ओसामा
कोला बूफ के अनुसार एक बार ओसामा ने एक व्यक्ति से संपर्क कर सिर्फ इसीलिए करोड़ों रुपए खर्च कर दिए, क्योंकि वो शख्स उनकी व्हिटनी से मुलाकात करवाने को तैयार था। हालांकि, ऐसा हो नहीं सका। ओसामा मानता था कि व्हिटनी दिल से एक मुस्लिम हैं, जो अमेरिकन कल्चर के बहकावे में आकर क्रिश्चियन बनकर रहती हैं।
व्हिटनी के पति का कत्ल करना चाहता था ओसामा
व्हिटनी ह्यूस्टन ने 1993 में सिंगर बॉबी ब्राउन से शादी की थी। ऐसे में ओसामा बॉबी ब्राउन से नफरत करता था। वो अक्सर बॉबी का कत्ल करने की साजिश रचा करता था। कई बार तो ओसामा, कोला बूफ से व्हिटनी की तरह हेयरस्टाइल रखने को भी कहता था।


