रेसिपी:सुबह और शाम के नाश्ते में बनाएं पौष्टिक मूंग दाल की चाट, सूजी वेज स्क्वायर और राजमा संडल
make-nutritious-moong-dal-chaat-semolina-veg-square-and-rajma-sandal-in-morning-and-evening-breakfast
क्या चाहिए...
धुली मूंगदाल- 1/2 कप, गाजर- 1/2 कप कद्दूकस किया हुआ, अनार दाने- 1/2 कप, हरा प्याज़- 1/2 कप कटा हुआ, कच्चा आम- 1/4 कप बारीक कटा हुआ, पुदीना- 2 बड़े चम्मच कटा हुआ, हरा धनिया- 2 बड़े चम्मच बारीक कटा हुआ, हरी मिर्च- 2 छोटे चम्मच कटी हुई, चाट मसाला- 1 छोटा चम्मच, नींबू का रस- 4 छोटे चम्मच, नमक।
ऐसे बनाएं...
मूंगदाल को पानी में आधे घंटे के लिए भिगोकर रखें और पानी निथार लें। एक गहरे नॉनस्टिक पैन में तीन कप पानी, मूंगदाल और नमक मिलाकर मध्यम आंच पर पानी उबालकर आधा होने तक पकाएं। जब दाल और पानी अलग-अलग हो जाए तो इसका पानी निथारकर अलग कर दें। दाल को दस मिनट तक रखें। अब बड़े बोल में दाल और अन्य सामग्रियों को अच्छी तरह से मिलाएं। मूंग दाल की चाट तैयार है। - तरला दलाल
सूजी वेज स्क्वायर

क्या चाहिए...
सूजी- 1/2 कप, प्याज़- 1/4 कप कटा हुआ, हरी मटर- 1/4 कप, बीन्स- 1/4 कप कटे हुए, गाजर- 1/4 कप कटी हुई, पानी- 2-3 कप, नमक, मिक्स्ड हर्ब्स- 1-2 छोटे चम्मच, आलू- 1 कप उबले और मसले हुए, हरी मिर्च- 2 कटी हुई, पुदीना- 2 बड़े चम्मच कटा हुआ, हरा धनिया- 2 बड़े चम्मच कटा हुआ, तेल- 2 बड़े चम्मच, चीज़- 2 छोटे चम्मच किसी हुई।
ऐसे बनाएं...
पैन में एक बड़ा चम्मच तेल गर्म करके प्याज़ को हल्का गुलाबी भून लें। इसमें मटर, बीन्स और गाजर डालकर तीन-चार मिनट भूनें। जब सब्ज़ियां पक जाएं तो पैन में इसे एक तरफ़ कर दें। उसी पैन में सूजी डालकर कुछ मिनट भूनें। फिर सब्ज़ियों के साथ मिलाकर धीमी आंच पर कुछ मिनट भूनें। जब सूजी अच्छी तरह से भुन जाए तो इसमें ढाई कप पानी अच्छी तरह से मिलाएं। नमक और हर्ब्स मिलाएं। अब पांच मिनट सब्ज़ियों और सूजी को पकाएं। आंच बंद करके इसमें मसले हुए आलू अच्छी तरह से मिलाएं। हरी मिर्च, पुदीना और हरा धनिया मिलाएं। थोड़ी-सी चीज़ मिलाएं। अब ट्रे में बटर पेपर रखें और उस पर मिश्रण को फैलाएं। चौकोर आकार देते हुए (एक इंच मोटा) ऊपर से चिकना करें। इसे आधे घंटे के लिए फ्रिज में सेट होने के लिए रख दें। फिर डेढ़ इंच चौड़ाई में टुकड़े काट लें। पैन में एक बड़ा चम्मच तेल गर्म करके टुकड़ों को सुनहरा भूरा होने तक सेंक लें। इसे हरी चटनी के साथ परोसेें। - नेहा कक्कड़
राजमा संडल

क्या चाहिए...
राजमा- 1 कप, हरी मिर्च और अदरक पेस्ट- 1 छोटा चम्मच, नारियल- 2 बड़े चम्मच किसा हुआ। नींबू का रस- 1 छोटा चम्मच, हरा धनिया- सजाने के लिए, तेल- 1 बड़ा चम्मच, राई- 1/2 छोटा चम्मच, उड़द दाल- 1 छोटा चम्मच, कढ़ी पत्ते- 7-8, साबुत लाल मिर्च- 1, हींग- 1 चुटकी।
ऐसे बनाएं...
राजमा को रातभर पानी में भिगोकर रखें। पानी निथारकर सादे पानी से धो लें। कुकर में राजमा को आधा छोटा चम्मच नमक और डेढ़ कप पानी के साथ चार सीटी आने तक पका लें। पानी निथारकर एक तरफ़ रख दें। अब पैन में तेल गर्म करके राई तड़काएं। उड़द दाल डालकर गुलाबी भून लें। हींग, कढ़ी पत्ते और लाल मिर्च तड़काएं। फौरन हरी मिर्च-अदरक का पेस्ट मिलाएं। राजमा मिलाकर मध्यम आंच पर कुछ मिनट चलाते हुए भूनें। आंच बंद कर नारियल मिलाएं। नींबू का रस और हरा धनिया डालकर परोसें। - सेल्यूज़ फूड


