लवलोकल से आकांक्षा ने छुआ आसमां:3 करोड़ यूजर्स वाले डिजिटल पेमेंट की मालकिन उपासना, इंटेल इंडिया की पहली मुखिया बनीं देबजानी

falguni-nair-dominated-the-world-of-fashion-debjani-ghosh-became-the-first-woman-head

देश में पहली महिला उद्यमी के तौर पर पहचान बना चुकीं कल्पना सरोज का नाम आज कौन नहीं जानता। कमानी ट्यूब्स की चेयरमैन और पद्म श्री से सम्मानित कल्पना को बिजनेसवुमन बनने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी। लेकिन अब महिला उद्यमियों में कई नाम शामिल हैं।

इन महिलाओं ने देश के टेक सीन को चमकाने का जिम्मा उठा लिया है। यहां हम 5 ऐसी टेक उद्यमी महिलाओं के बारे में बता रहे हैं जिन्होंने देश के टॉप टेक आंत्रप्रेन्योरशिप में अपना नाम दर्ज कर लिया है-

देश की अमीर महिलाओं की सूची में सबसे ऊपर रोशनी नादर मल्होत्रा

एचसीएल टेक्नोलॉजीज की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा 84,330 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ भारत की सबसे अमीर महिला हैं। 27 जुलाई 2022 को जारी ‘कोटक प्राइवेट बैंकिंग हुरुन – लीडिंग वेल्थ वुमन लिस्ट’ के अनुसार, उन्होंने लगातार दूसरे वर्ष इस पोजिशन पर कब्जा बरकरार रखा है।

एचसीएल की बागडोर संभालने से पहले रोशनी ब्रिटेन में स्काई न्यूज की सफल न्यूज प्रोड्यूसर रह चुकी थीं। रोशनी द हैबीटेट ट्रस्ट की फाउंडर और ट्रस्टी हैं। वह शिव नादर फाउंडेशन की भी ट्रस्टी होने के नाते बिजनेस के साथ साथ जरूरतमंदों की भी मदद पहुंचा रही हैं।

लाइफस्टाइल और फैशन की दुनिया की फाल्गुनी नायर

भारत के सबसे बड़े फैशन और लाइफस्टाइल पोर्टल नायका (Nykaa) की एक अलग पहचान है। इसकी मालकिन फाल्गुनी नायर ने अभी हाल ही में बायोकॉन की किरण मजूमदार-शॉ को पीछे छोड़ते हुए 57,520 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ भारत की सबसे अमीर सेल्फ-मेड महिला बनने का रिकॉर्ड कायम किया है।

2019 में बिजनेस वुमन ऑफ द ईयर होने के अलावा फाल्गुनी ने नाइका आईपीओ जारी कर धूम मचा दी थी। इतना ही नहीं फाल्गुनी ने रियल लाइफ में यह साबित करके दिखाया कि "उम्र केवल एक संख्या भर है।’

इंटेल इंडिया की पहली महिला मुखिया बनी देबजानी घोष

कोर्पोरेट में जेंडर डायबर्सिटी की चैंपियन देबजानी घोष ऐसी पहली महिला हैं जिन्होंने इंटेल इंडिया, मैन्युफेक्चरर्स एसोसिएशन फॉर इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (MAIT) का नेतृत्व किया था। लेकिन अब 20 लाख करोड़ रुपए के आईटी उद्योग संगठन नैसकॉम (NASSCOM) की अध्यक्ष हैं।

3 करोड़ यूजर्स वाले डिजिटल पेमेंट की मालकिन उपासना टाकू

डिजिटल पेमेंट मोबीक्विक (Mobikwik) के बारे में आजकल ज्यादातर लोगों को पता है। यह आज देश का सबसे बड़ा स्वतंत्र मोबाइल पेमेंट नेटवर्क के तौर पर स्थापित हो चुका है।