गोविंदगढ़ में गिरी आकाशीय बिजली:मालपुर में एक गाय की मौत, बाल-बाल बचा परिवार

गोविंदगढ़ में गिरी आकाशीय बिजली:मालपुर में एक गाय की मौत, बाल-बाल बचा परिवार

गोविंदगढ़ तहसील क्षेत्र में स्थित ग्राम मालपुर में रविवार रात को आकाशीय बिजली गिरने से गाय की मौत हो गई। पंचायत समिति सदस्य कुलदीप सिंह ने बताया कि पप्पू सिंह पुत्र इंदर सिंह की गाय उसके घर के सामने स्थित बाड़े में पेड़ के नीचे चारा खा रही थी। अचानक बिजली की जोरदार गड़गड़ाहट और उजाले के साथ आवाज सुनाई दी। बाहर जाकर देखा तो गाय तड़प रही थी। कुछ ही देर बाद गाय की मौत हो गई l आकाशीय बिजली गिरने की सूचना गोविंदगढ़ प्रशासन को दी गई। मौके पर तहसीलदार विनोद कुमार मीणा और पटवारी पहुंचे और घटना का मौका मुआयना किया।

पीड़ित पप्पू सिंह ने बताया कि उसके पास यही एक दुधारू गाय थी। आकाशीय बिजली गिरने से पप्पू का परिवार भी बाल-बाल बचा जो घटना स्थल से महज कुछ कदम दूरी पर ही था। गौरतलब है कि शनिवार शाम से ही आकाश में घने बादल छाए हुए हैं और रविवार को पूरे दिन रिमझिम रिमझिम बरसात का दौर जारी रहा।

वहीं रविवार की रात भी पूरी रात बरसात आती रही बरसात आने से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। वहीं सर्दी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए हैं बाजारों में भी सूनापन दिखाई दे रहा है। आपको बता दें कि यह बरसात इस वर्ष की पहली बारिश है। जिस से किसानो के चेहरे खिले हुए हैं। किसानों का कहना है कि गेहूं और सरसों की फसल में यह बारिश फायदा करेगी। सोमवार को भी घनी बारिश होने की संभावना है।