एक्सीडेंट में घायल बीटेक स्टूडेंट की मौत:दोस्त के साथ घूमने गया था, तेज रफ्तार कार 15 फीट गहरी खाई में गिरी
शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर एक कार पलट गई। हादसे में दो युवक घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घटना 27 की रात की है। आज एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक सुदेश शर्मा (22) कोलहेड़ा तहसील नारायणपुर जिला अलवर का निवासी था। कोटा में राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी से बीटेक फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रहा था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों को शव सौंप दियाउद्योग नगर थाना SI (प्रोबेशन) लोकेश मीणा ने बताया सुदेश शर्मा व उसका दोस्त सानिध्य खंडेलवाल दोनों कार में सवार होकर 27 तारीख को घूमने निकले थे। कार सानिध्य खंडेलवाल चला रहा था। रात 11 बजे करीब उम्मेद गंज रोड पर उनकी कार पलट गई ,और खाई में जा गिरी। खाई में पराली होने से गंभीर हादसा नहीं हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को निजी हॉस्पिटल लाया गया। सुदेश के सिर पर गम्भीर चोट लगी। जबकि सानिध्य के हल्की चोटें आई। हादसे की सूचना पर सुदेश के परिजन कोटा पहुंचे थे। आज इलाज के दौरान सुदेश की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया। मामले की जांच की जा रही है।
Naresh Chouhan 

