कप्तान धोनी 200वां मैच नहीं जीत पाए:संदीप की यॉर्कर पर नहीं लगाया हेलिकॉप्टर शॉट, रहाणे-अश्विन की नोकझोंक...टॉप मोमेंट्स

ipl-2023-csk-vs-rr-moments-ajinkya-rahane-ravichandran-ashwin-ms-dhoni

कप्तान धोनी 200वां मैच नहीं जीत पाए:संदीप की यॉर्कर पर नहीं लगाया हेलिकॉप्टर शॉट, रहाणे-अश्विन की नोकझोंक...टॉप मोमेंट्स
ipl-2023-csk-vs-rr-moments-ajinkya-rahane-ravichandran-ashwin-ms-dhoni

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 3 रन से हरा दिया। संदीप शर्मा ने महेंद्र सिंह धोनी और रवींद्र जडेजा के सामने आखिरी ओवर में 20 रन डिफेंड किए। जोस बटलर ने राजस्थान से फिफ्टी लगाई।

महेंद्र सिंह धोनी ने CSK की कप्तानी करते हुए 200वां IPL मैच खेला। ऑफ स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन नंबर-5 पर बैटिंग करने उतरे। संजू सैमसन लगातार दूसरे मैच में शून्य पर आउट हो गए और ऋतुराज गायकवाड को संदीप शर्मा की बॉल शरीर पर लग गई। मैच के ऐसे ही टॉप मोमेंट्स इस खबर में हम जानेंगे

1. धोनी का 200वां कप्तानी मैच
महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की कप्तानी में 200वां IPL मैच खेला। उन्होंने मैच में टॉस जीता और पहले गेंदबाजी भी चुनी। 200वें मैच से पहले CSK के मालिकों ने धोनी को मोमेंटो गिफ्ट किया। धोनी की कप्तानी में CSK ने 120 मैच जीतने के साथ 4 बार IPL खिताब भी जीता है।

2. नंबर-5 पर बैटिंग करने उतरे अश्विन
राजस्थान रॉयल्स के ऑफ स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन CSK के खिलाफ नंबर-5 पर बैटिंग करने उतरे। अश्विन आम तौर पर नंबर-7 या नंबर-8 पर बैटिंग करते हैं। अश्विन ने इस मौके का फायदा उठाते हुए 22 बॉल में 2 छक्कों और एक चौके के सहारे 30 रन बनाए।

अश्विन ने इससे पहले IPL में 2022 और 2014 में भी नंबर-5 पर बैटिंग की है। 2014 में उन्होंने 16 गेंद पर 14 रन बनाए थे। वहीं पिछले साल CSK के ही खिलाफ उन्होंने 23 बॉल पर 40 रन बनाए थे।

3. सैमसन का लगातार दूसरा डक
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन लगातार दूसरे मैच में शून्य पर आउट हो गए। 9वें ओवर की पांचवीं गेंद रवींद्र जडेजा ने मिडिल स्टंप पर गुड लेंथ फेंकी। गेंद टर्न होकर स्टंप्स में लग गई। सैमसन का यह लगातार दूसरा डक है।

सैमसन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में भी खाता नहीं खोल सके थे। जडेजा ने ओवर की तीसरी गेंद पर देवदत्त पड्डीकल को भी कैच आउट कराया था।