जैकी श्राफ ने तिंवरी में की शूटिंग:एक दिन की लिए आए जोधपुर, एक झलक पाने उमड़े फैंस

जैकी श्राफ ने तिंवरी में की शूटिंग:एक दिन की लिए आए जोधपुर, एक झलक पाने उमड़े फैंस

जोधपुर. साउथ सिनेमा इंडस्ट्री की मल्टीस्टारर फिल्म जेलर की शूटिंग के लिए बाॅलीवुड अभिनेता जैकी श्राॅफ शनिवार सुबह जोधपुर से 40 किलोमीटर दूर तिंवरी गांव पहुंचे। यहां पर सुबह 9 बजे से लेकर सुर्यास्त तक उन्होंने फिल्म की शूटिंग की। दिनभर कड़ी धूप के बीच उन्होंने शूटिंग पूरी की। इसके बाद वापस जोधपुर स्थित होटल लौट गए। बता दें कि जैकी एक दिन की शूटिंग के लिए शुक्रवार दोपहर जोधपुर आए थे। उन्होंने रजनीकांत के साथ काम करने को शानदार अनुभव बताते हुए जोधपुर को फिल्म शूट के लिए नम्बर वन सिटी भी बताया। शूटिंग के दौरान जैकी धोती पहने हुए नजर आए। बताया जा रहा है कि फिल्म में जैकी एक दूध कारोबारी की भूमिका में नजर आएंगे। लोकल कोऑर्डिनेटर बबलू ने बताया तिंवरी गांव में पहली बार किसी फिल्म की शूटिंग हुई है। इधर तिंवरी गांव में उनके आने की सूचना मिलने पर दौरान उनकी एक झलक पाने के लिए लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।

इधर व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस और बाउंसर भी तैनात रहे।

बता दें कि साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत की टॉलीवुड फिल्म जेलर में मोहनलाल और शिव राजकुमार जैसे दिग्गज एक्टर भी शामिल हैं। फ़िल्म में टॉलीवुड की तीनों फ़िल्म इंडस्ट्री तमिल, कन्नड़ और मलयालम के भगवान कहे जाने वाले लीजेंड एक्टर रजनीकांत जेलर की मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। ये पहला मौका है, जब मोहन लाल, शिव राजकुमार और रजनीकांत तीनों साथ काम कर रहे हैं।मोहन लाल जेलर के अलावा दूसरे प्रोजेक्ट में शामिल

बताया जा रहा है कि मोहनलाल जेलर फिल्म के साथ एक अन्य फिल्म की शूटिंग भी जैसलमेर में करेंगे। वे 18 जनवरी को पहुंच जाएंगे। वहीं रजनीकांत के 28 जनवरी को आने की संभावना है। जेलर फिल्म का क्लाइमेक्स जैसलमेर में ही शूट किया जाएगा। जैकी श्रॉफ भी यहां से जैसलमेर जा सकते हैं।

फिल्म तीन फिल्म इंडस्ट्रीज के तीन सुपर स्टार के मिलने की वजह से सुर्खियां बटोर रही है। कन्नड़ सिनेमा के सुपर स्टार शिव राजकुमार, मलयालम फिल्मों के सुपर स्टार मोहनलाल और तमिल फिल्मों के सबसे बड़े स्टार रजनीकांत फिल्म में महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं।इस फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीप कुमार कर रहे हैं। फिल्म में राम्या कृष्णन, वसंत रवि, योगी बाबू और विनायकन की भी भूमिका है। तमिल भाषा में बन रही इस फिल्म को हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में भी रिलीज किया जाएगा। फिल्म लगभग 175 करोड़ रुपए में बन रही है।1987 में जैकी श्राफ और रजनीकांत बॉलीवुड की फिल्म उत्तर दक्षिण में साथ नजर आए थे। इस फिल्म में माधुरी दीक्षित ने भी एक्टिंग की थी। रजनीकांत की बॉलीवुड के सितारों से भी अच्छी ट्यूनिंग और दोस्ती रही है। जैकी श्राफ के अलावा रजनीकांत ने अमिताभ बच्चन, गोविंदा के साथ भी फिल्में की हैं। साउथ के कमल हासन और नागार्जुन भी बॉलीवुड की फिल्मों में काम कर चुके हैं। जैकी श्राफ और रजनीकांत साउथ की फिल्म अन्नाथे में भी साथ काम किया। इस फिल्म में जैकी ने विलेन की भूमिका निभाई थी। यह फिल्म 2020 में आई थी और सुपरहिट रही थी।