ट्विटर की कार्रवाई कंगना रनोट के कई विवादित ट्वीट किए डिलीट, आंदोलनकारी किसानों की तुलना आतंकियों से करने के बाद लिया एक्शन
माइकोब्लॉगिंग साइट ट्विटर ने एक्ट्रेस कंगना रनोट के कुछ ट्वीट हटा दिए हैं। इन ट्वीट्स को हेट स्पीच से जुड़े ट्विटर के नियमों का उलंघन बताया गया है। पिछले 4 घंटों में एक्ट्रेस के हैंडल से तीन ट्वीट डिलीट किए जा चुके हैं। कंगना के खिलाफ यह कार्रवाई उनकी उस पोस्ट के बाद की गई, जिसमें उन्होंने इंटरनेशनल पॉप स्टार रिहाना की किसान आंदोलन के समर्थन वाली पोस्ट पर भला-बुरा कहा था। रिपोर्ट्स की मानें तो ट्विटर कंगना के हैंडल पर नजर रखे हुए है। अगर वे इसी तरह विवादित ट्वीट करती रहीं तो उनका अकाउंट भी बंद हो सकता है।
रोहित शर्मा पर किया गया ट्वीट भी डिलीट
ट्विटर ने कंगना का वह ट्वीट भी डिलीट कर दिया है, जिसमें उन्होंने रोहित शर्मा और बाकी क्रिकेटर्स को धोबी का कुत्ता बताया था। दरअसल, रोहित शर्मा ने अपनी पोस्ट में लिखा था कि देश की भलाई में किसानों का अहम योगदान है और सभी मिलकर समस्या का हल निकाल लेंगे।

जवाब में कंगना ने लिखा था, "ये सभी क्रिकेटर्स 'धोबी का कुत्ता, घर का न घाट का' जैसा साउंड क्यों कर रहे हैं। किसान उन कानूनों का विरोध क्यों कर रहे हैं, जो उनकी भलाई के लिए बनाए गए हैं। उपद्रव फैलाने वाले ये सभी आतंकवादी हैं। यह कहो न, इतना डर क्यों लगता है?"
तो क्या यह है ट्वीट डिलीट करने की वजह?
शिरोमणि अकाली दल के पूर्व नेता मंजीत सिंह जीके ने ट्विटर को कानूनी नोटिस भेजकर कंगना रनोट के ट्विटर अकाउंट को तत्काल प्रभाव से बंद करने की मांग की है। उन्होंने नोटिस में लिखा है कि कंगना की पोस्ट फैक्चुअली गलत हैं। ये न केवल किसानों, बल्कि उनसे जुड़े पूरे सिख समुदाय को नुकसान पहुंचाती हैं।
वकील नगिंदर बेनीवाल के जरिए भेजे गए इस नोटिस में पॉप सिंगर रिहाना की पोस्ट पर किए गए कंगना के विवादित कमेंट का हवाला दिया गया है। उनका कहना है कि कंगना अपनी पॉपुलैरिटी का इस्तेमाल किसानों और सिख समुदाय का अपमान करने के लिए कर रही हैं। उन्होंने उन्हें आतंकवादी कहकर एंटी नेशनल घोषित कर दिया है।
बेनीवाल ने नोटिस में कहा है कि उनके मुवक्किल को देश की एकता, किसानों और सिख समुदाय की चिंता है। वे उनकी सुरक्षा को लेकर भी गंभीर हैं। वे किसानों के खिलाफ इस तरह का मानहानि भरा झूठा और दुर्भावनापूर्ण बयान मंजूर नहीं करेंगे।
नोटिस में ट्विटर को धमकी दी गई है कि अगर कंगना के विवादित ट्वीट नहीं हटाए जाते और उनका अकाउंट सस्पेंड नहीं किया जाता है तो उसे भी मानहानि का जिम्मेदार माना जाएगा और उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्या थी रिहाना की पोस्ट और कंगना का कमेंट
इंटरनेशनल पॉप सिंगर रिहाना ने मंगलवार को किसान आंदोलन को लेकर सोशल मीडिया पर कमेंट किया था। एक रिपोर्ट का लिंक शेयर करते हुए रिहाना ने इंटरनेट बैन किए जाने पर सवाल उठाए थे। उन्होंने लिखा था, "कोई भी इस पर बात क्यों नहीं करता?" उनके कमेंट पर जवाब देते हुए बुधवार को कंगना ने लिखा था, "वे किसान नहीं आतंकी हैं। वे देश को बांटने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि चीन इसका फायदा उठाकर अपना अधिकार जमा ले, जैसा उसने अमेरिका में किया। आप बेवकूफ हैं, इसलिए चुप बैठिए। हम आपकी तरह अपने देश को नहीं बेच रहे।"



