पेयजल की किल्लत चार साल से पानी की किल्लत, एसडीएम कार्यालय में मटके लेकर बैठी महिलाएं
कस्बे के टेक ऊपर जागा मोहल्ले पेयजल किल्लत से परेशान महिलाएं बुधवार को रैणी एसडीएम कार्यालय पंहुच गई और विरोध प्रदर्शन किया। परेशान महिलाओं ने कहा कि जब तक समस्या समाधान नहीं होगा वे यहां से नहीं जाएंगी।
इस पर एसडीएम स्नहेलता हारीत ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को समस्या के समाधान के निर्देश दिए। कस्बे के जागा मोहल्ले के सूर्यलाल जागा, विष्णु जागा, मंजू, पुष्पा आदि ने बताया कि मोहल्ले मे करीब 4 साल से पानी की किल्लत बनी हुई है। लोग कई साल से जलदाय विभाग रैणी कार्यालय के चक्कर लगा रहे है। अधिकारी ना तो मौके पर आते हैं और ना ही आज तक कोई कदम उठाया है।
खाली मटका लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही महिलाएं कार्यालय में ही बैठ गईं। एसडीएम ने जलदाय विभाग के रैणी एईएन राजेश मीणा व जेईएन भरतलाल मीणा को कार्यालय में तलब किया और ग्रामीणों की समस्या सुनी। लोगों का कहना था कि जलदाय विभाग की टंकी में वर्षों से पानी की एक बूंद भी नहीं भरी गई है।
जागा मोहल्ले के पास बोरिंग करवाई जाकर ओपन पाइपलाइन डलवाने से समस्या का समाधान हो सकता है। एसडीएम से आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण वापस लौट गए। इस दौरान रैणी ग्राम विकास अधिकारी टीकाराम शर्मा, रैणी सरपंच प्रतिनिधि शिवचरण सैदावत आदि मौजूद रहे।


