ममता बनर्जी के आवास में घुसपैठ की कोशिश

ममता बनर्जी के आवास में घुसपैठ की कोशिश

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सुरक्षा में शुक्रवार को चूक हो गई। नूर आलम नाम का एक शख्स ममता के कालीघाट स्थित घर में घुसने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया है।

पकड़े गए शख्स की कार से एक बंदूक, एक चाकू और गांजा बरामद किया गया है। घटना के वक्त ममता बनर्जी घर पर मौजूद थीं।

आरोपी की कार पर लगा था पुलिस का स्टिकर
कोलकाता पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल ने बताया कि आरोपी की कार पर पुलिस का स्टिकर लगा हुआ था। उसके पास BSF और दूसरी एजेंसियों के कई ID कार्ड भी मिले हैं। आरोपी का कहना था कि वह CM से मिलने आया था।

कमिश्नर ने कहा, 'आरोपी बेतुकी बातें कर रहा था। यह एक गंभीर मुद्दा है। हम आरोपी का असली उद्देश्य पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। उसकी गाड़ी भी जब्त कर ली गई है।'

शहीद दिवस कार्यक्रम में जाने वाली थीं ममता
घटना के कुछ देर बाद ही ममता बनर्जी शहीद दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाने वाली थीं। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्य भर से हजारों TMC कार्यकर्ता कोलकाता पहुंचे हैं।

यह कार्यक्रम 1993 में पुलिस की फायरिंग में जान गंवाने वाले 13 कांग्रेस समर्थकों की याद में मनाया जाता है। उस समय राज्य में लेफ्ट की सरकार थी और ममता स्टेट यूथ कांग्रेस की अध्यक्ष थीं। तृणमूल कांग्रेस पार्टी बनाने के बाद भी ममता मारे गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं की याद में शहीद दिवस मनाती हैं।