तेज रफ्तार बेकाबू कार ने डिवाइडर पर चढ़कर लोहे की रैलिंग को तोड़ा, फिर सड़क के दूसरी तरफ पलटी

तेज रफ्तार बेकाबू कार ने डिवाइडर पर चढ़कर लोहे की रैलिंग को तोड़ा, फिर सड़क के दूसरी तरफ पलटी
जयपुर के सोढाला में सब्जी मंडी के सामने बीती देर रात को तेज रफ्तार डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई

शहर के सोढाला इलाके में गुरुवार देर रात को एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर पर चढ़कर टकरा गई। इसके बाद लोहे की रैलिंग को तोड़ते हुए सड़क के दूसरी तरफ जाकर पलट गई। हादसे इतना जबर्दस्त था कि लोहे की रैलिंग भी कार में घुस गई। इससे कार में सवार एक युवक की मौत हो गई।

हादसे में कार सवार मृतक का साथी युवक घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची दुर्घटना अनुसंधान (दक्षिण) पुलिस ने क्रेन की सहायता से कार को सड़क से हटवाया। शव को एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया। मृतक के शव का आज पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

सी-स्कीम से वैशाली नगर जाते वक्त रात 11 बजे हुआ हादसा

एएसआई वीर सिंह के मुताबिक हादसे में सिद्धार्थ बैद (21) की मौत हो गई। वह बनीपार्क में जयसिंह हाइवे पर सुफल अपार्टमेंट में रहता था। कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। रात करीब 11 बजे वह अपने साथी मुदित जैन के साथ सी-स्कीम से वैशाली नगर जा रहा था। तभी सोढाला से अजमेर रोड की तरफ गुजरते वक्त सब्जी मंडी के सामने बाइक चालक को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई।

कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि सड़क पर डिवाइडर पर चढ़कर लोहे की रैलिंग को तोड़ दिया। इससे लोहे की रैलिंग भी कार में घुस गई। हादसे को देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। तब कार में फंसे सिद्धार्थ और मुदित को बाहर निकाला जा सका। उनको अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने सिद्धार्थ को मृत घोषित कर दिया।