प्री डीएलएड परीक्षा 31 को: एक कक्ष में बैठेंगे सिर्फ 15 परीक्षार्थी, मास्क लगाना होगा जरूरी, भूले तो सेंटर पर मिलेगा
प्रारंभिक शिक्षा में डिप्लोमा प्री-डीएलएड-2021 की परीक्षा 31 अगस्त को होगी। इसमें भरतपुर जिले के 29 हजार 130 परीक्षार्थी शामिल होंगे। ब्लॉक स्तर पर होने वाली इसके लिए 165 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। कोविड-19 गाइड लाइन को ध्यान में रखते हुए एक कक्ष में 15 परीक्षार्थी ही बिठाए जाएंगे।
परीक्षार्थी को मुंह पर मास्क लगाकर आना होगा। अगर, भूल आए हैं तो उन्हें परीक्षा केन्द्र पर उपलब्ध कराया जाएगा। थर्मल स्क्रीनिंग और सेनेटाइज करने की व्यवस्था भी होगी। परीक्षा प्रभारी भीम सिंह ने बताया कि दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होने वाली इस परीक्षा के लिए 7 दिन पहले ही प्रवेश पत्र संबंधित बेवसाइट पर उपलब्ध हो जाएंगे। जिले में 61 प्राइवेट और 104 सरकारी परीक्षा केन्द्र होंगे। सबसे ज्यादा 43 सेवर ब्लाक में हैं।
जिला नोडल अधिकारी एवं सीडीईओ साहब सिंह ने बताया कि परीक्षा संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। एक कक्ष में पहले जहां 24 परीक्षार्थी बैठते थे, वहां इस बार 15 परीक्षार्थी ही बैठेंगे। ताकि सोशल डिस्टेंसिंग बनी रह सके। इस दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर कोरोना गाइडलाइन का सख्ती के साथ पालन किया जाएगा।


