ऑपरेशन फ्लैश आउट: राजस्थान की जेलों में 26 मोबाइल और 14 सिम बरामद

Nov 27, 2020 - 06:49
Nov 28, 2020 - 09:36
ऑपरेशन फ्लैश आउट: राजस्थान की जेलों में 26 मोबाइल और 14 सिम बरामद

जयपुर: राजस्थान जिलों की जेलों में अब कैदियों द्वारा साजिश रचना आसान नहीं होगा। जेलों में बंद कैदियों को मोबाइल और ड्रग्स पहुंचाने वाले जेलकर्मियों पर कार्रवाई करना शुरू कर दिया है। डीजी जेल राजीव दासोत द्वारा चलाए जा रहे 'ऑपरेशन फ्लैश आउट' के नतीजे अब सामने आने लगे हैं। इस ऑपरेशन के तहत न केवल प्रदेश की जेलों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, बल्कि कैदियों तक इन चीजों को पहुंचाने में लिप्त जेलकर्मियों पर गाज गिरना भी शुरू हो गई है। इसके तहत एक कांस्टेबल को बर्खास्त कर 4 जेलरों का तबादला कर दिया गया है।

26 मोबाइल,10 चार्जर और 14 सिमकार्ड बरामद

ऑपरेशन फ्लश आउट के तहत प्रदेशभर की 145 जेलों में सर्च ऑपरेशन चलाकर अब तक 26 मोबाइल,10 चार्जर, 14 सिमकार्ड, 7 ईयरफोन, 5 डेटा केबल बरामद की जा चुकी है। पूर्व बंदी लॉरेंस विश्नोई के कब्जे से एक मोबाइल, इयरफोन और 4 डाटा केबल भी बरामद की गई थी। प्रतापगढ़ जेल से 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। इन मामलों में कैदियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। महानिदेशक जेल राजीव दासोत ने बताया कि प्रदेश में 105 जेल और 40 उप कारागृह हैं। 31 दिसंबर तक इन जिलों में लगातार ऑपरेशन फ्लश आउट के तहत आकस्मिक तलाशी करने के निर्देश दिए गए हैं।