मर्डर कर कमरे को बाहर से लॉक किया:मुंह पर रखे थे दो तकिए; फर्श पर बिखरे मिले चूड़ियों के टुकड़े

Feb 19, 2023 - 10:04
मर्डर कर कमरे को बाहर से लॉक किया:मुंह पर रखे थे दो तकिए; फर्श पर बिखरे मिले चूड़ियों के टुकड़े
room-locked-from-outside-dead-body-inside-two-pillows-kept-on-mouth-sp-on-the-spot

कमरे में अकेली सो रही महिला की हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह डेड बॉडी कमरे से बरामद हुई है। कमरा बाहर से लॉक था। महिला के मुंह पर तकिया रखा हुआ था। हाथ की चूड़ियों के टुकड़े कमरे में बिखरे हुए थे। इससे लग रहा है कि महिला ने हत्यारा का खूब विरोध किया होगा। मामला अलवर शहर के मूंगस्का का है।

मूंगस्का के पास टाइगर कॉलोनी स्थित घर में 55 साल की बत्तोली देवी का शव मिला है। वह 14 कमरों के मकान में रहती थीं। मकान के 12 कमरों में किराएदार रहते हैं। दो कमरों में पति-पत्नी रह रहे थे। पति काम से इंदौर गए हुए थे।

बत्तोली देवी की बेटी सुनीता (27) पड़ोस में रहती है। सुनीता ने बताया कि वह रोजाना अपनी मां को सुबह फोन करके घर बुला लेती थी। मकान में बत्तोली देवी और पापा लक्ष्मी नारायण ही रहते हैं। पापा ड्राइवर हैं। अपने काम से वो दो दिन पहले इंदौर गए हुए हैं। शुक्रवार रात 8 बजे मां मिलकर अपने घर चली गई थी। मकान काफी बड़ा है। किराएदारों में 5 छात्र और 4 परिवार वाले शामिल हैं।

सुनीता ने बताया कि शुक्रवार की रात मां मिलने आई थी, फिर वह सोने के लिए घर चली गई। शनिवार सुबह रोजाना की तरह मां को फोन किया। मां ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद घर जाकर देखा तो कमरे पर ताला लगा हुआ था। किराएदारों से पूछा तो उन्हें मां की कोई जानकारी नहीं थी। ये भी नहीं पता कि ताला किसने लगाया। काफी तलाश करने के बाद शक हुआ तो ताला तोड़ा। अंदर बेड पर मां का शव पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।

एसपी आनंद शर्मा ने शनिवार सुबह ही चार्ज संभाला था। चार्ज संभालने के 2 घंटे बाद ही मर्डर की सूचना पर एसपी खुद मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौका मुआयना किया और किराएदारों से पूछताछ की। कमरे में बत्तोली देवी का शव बेड पर पड़ा मिला। मुंह पर तकिए रखे थे और फर्श पर चूड़ियों के टुकड़े थे। हाथ और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं।

पुलिस ने बताया कि बत्तोली देवी और लक्ष्मी नारायण मूल रूप से अलवर के नंगली मेघा गांव के निवासी हैं। कुछ साल पहले अलवर शहर की टाइगर कॉलोनी में नया मकान बनवाया था, जिसमें पति-पत्नी रहते थे। महिला का पोस्टमॉर्टम कराकर शव सुपुर्द कर दिया गया है।

SP ने कहा- मर्डर किया गया है

एसपी आनंद शर्मा ने कहा कि महिला का शव कमरे के अंदर मिला, बाहर से ताला लगा मिला, जाहिर है कि मर्डर किया गया है। मामले की जांच कर रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जरूरी जांचों के बाद ही पता लग सकेगा कि मर्डर कब किया गया है। फिलहाल पूछताछ में पता लगा कि मर्डर के वक्त महिला घर पर अकेली थी।

एक बेटा नौकरी में, दूसरा पढ़ रहा

पड़ोसियों ने बताया कि महिला का बड़ा बेटा जोगेंद्र एसएसबी में नौकरी कर रहा है। दूसरा बेटा प्रेम सिंह (25) पढ़ाई करता है। वह कॉम्पिटिशन की तैयारी कर रहा है। बत्तोली देवी की बेटियों की शादी हो चुकी है। एक बेटी सुनीता (27) पड़ोस में ही रहती है। सुनीता के पति रेलवे पुलिस में हैं। बड़ी बेटी की शादी हरियाणा हुई है। उसके पति रेलवे में बाबू हैं। छोटा बेटा और परिवार के अन्य लोग गांव नगली मेघा में रहते हैं।