चीलू गैंग के सरगना सहित तीन गिरफ्तार:अब तक 500 मोबाइल लूट का दे चुके हैं अंजाम, राहगीरों से एक ही दिन में लूटे थे 4 आईफोन
भिवाड़ी पुलिस ने मोबाइल और चैन स्नैचरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रविवार को कुख्यात चीलू गैंग के मुख्य सरगना सहित अन्य दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, इन बदमाशों ने गत 19 जनवरी को ही राहगीरों से चार आई फोन छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। साथ ही ये आरोपी पिछले तीन महीनों में 500 मोबाइल और चार सोने की चैन लूट की वारदात को अंजाम दे चुके है। गैंग का सरगना चीलू दर्जनों लूट के मामले में कई बार जेल भी जा चुका है। पुलिस आरोपियों से लूटे हुए मोबाइलों की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
भिवाड़ी थानाधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि गत 19 जनवरी को अज्ञात बदमाशों के द्वारा एक साथ राहगीरों से चार आई फोन छीन कर ले जाने की वारदात को अंजाम दिया गया था। जिस पर 20 ,21 व 22 जनवरी को एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए एक टीम का गठन किया और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू की।
मुखबिर से मिली थी सूचना
रविवार को थाने के एएसआई जसवंत सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि भिवाड़ी में मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम रानिया की चीलू गैंग अंजाम दे रही है। जिस पर पुलिस ने दबिश देकर गैंग के मुख्य सरगना रानियाकी तावडू हरियाणा के रहने वाले सरफरोज उर्फ चीलू(23) पुत्र फजरु सहित देवकरण उर्फ देवू(19) पुत्र प्रताप जाटव और मुफीद(19) पुत्र जाहिद मेव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब आरोपियों से कड़ी पूछताछ की तो आरोपियों ने गत तीन महीनों में करीब 500 मोबाइल लूट की घटना करने और भिवाड़ी में ही 4 सोने की चैन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। फिलहाल भिवाड़ी पुलिस आरोपियों के द्वारा लूटे गए मोबाइल फोन और सोने की चैन बरामदगी के प्रयास कर रही है।
आरोपियों ने भिवाड़ी में इन वारदातो को दिया अंजाम
पिछले साल 15 नवम्बर को आरएचबी की रहने वाली रेखा पत्नी अनिल कुमार सुबह 7.50 बजे अपने बच्चों को स्कूल बस में बैठाने प्रेसिडेंसी स्कूल के कट पर गई थी। जहां ये बदमाश बाइक सवार होकर आए और रेखा के गले पर झप्पट्टा मार कर गले से सोने की चैन छीनकर ले गए थे। इसी तरह इन बदमाशों ने ही उसी दिन मनीष कॉलोनी नांगलिया की रहने वाली बेबी पत्नी अनिल वर्मा के गले से भी एक सोने की चैन सुबह 8 बजे सरकारी अस्पताल जाते समय छीन ले गए थे।
बीती 15 जनवरी को रामचंद्रपुरा के रहने वाले ललित कोशिका पुत्र लखमीचंद देर शाम 7:30 बजे डीएसटी ऑफिस के सामने से मोबाइल पर बात करते हुए अपने कमरे पर जा रहे थे। तभी पीछे से दो बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और उसके हाथ से मोबाइल छीन ले गए तो वहीं इसी तरह 21 जनवरी को महाराष्ट्र के रहने वाले प्रशांत गणपत पाटिल पुत्र गणपत उमाजी पाटिल शाम करीब 6.30 बजे सेंट्रल मार्केट के पास से गुजर रहा थे, तभी यह बदमाश पीछे से बाइक पर आए और प्रशांत के साथ मार पिटाई करते हुए उनका मोबाइल छीन ले गए थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
Naresh Chouhan 

