छात्रसंघ अध्यक्ष ने कार्यालय उद्घाटन को छपवाए कार्ड, कॉलेज ने खड़े किए हाथ
राजकीय वाणिज्य महाविद्यालय के बाद अब राजर्षि महाविद्यालय के छात्रसंघ कार्यालय के उद्घाटन के कार्ड बंटवाने का मामला मंगलवार को चर्चा का विषय बन गया। छात्रसंघ अध्यक्ष ने कार्ड छपवाए हैं जो सोशल मीडिया वायरल हो गए।
- कॉलेज प्रशासन ने कहा, नियमों की हुई अनदेेखी, उद्घाटन का काम उनका
अलवर. राजकीय वाणिज्य महाविद्यालय के बाद अब राजर्षि महाविद्यालय के छात्रसंघ कार्यालय के उद्घाटन के कार्ड बंटवाने का मामला मंगलवार को चर्चा का विषय बन गया। छात्रसंघ अध्यक्ष ने कार्ड छपवाए हैं जो सोशल मीडिया वायरल हो गए। कॉलेज प्रशासन व छात्र संघ के अन्य पदाधिकारियों को भनक लगी तो सभी ने आपत्ति दायर की है। कॉलेज प्रशासन का तर्क है कि उद्घाटन की जिम्मेदारी उनकी है न कि छात्रसंघ अध्यक्ष की।
कॉलेज छात्रसंघ के अध्यक्ष अमित बैरवा ने पांच माह पहले कुर्सी संभाली है। अब तक कार्यालय का उद्घाटन नहीं हुआ, लेकिन दो दिन पहले अचानक से सोशल मीडिया पर उद्घाटन के कार्ड वायरल होने लगे। इसकी भनक छात्रसंघ के उपाध्यक्ष प्रणय शर्मा, महासचिव हैप्पी यादव व संयुक्त सचिव नमन शर्मा को हुई तो उन्होंने मंगलवार को कॉलेज प्राचार्य के समक्ष आपत्ति दायर की है।
ये हैं कार्ड में अतिथियों के नाम
छात्रसंघ कार्यालय उद्घाटन के लिए छपवाए गए कार्डों में मुख्य अतिथि मुख्य अतिथि निर्मल चौधरी, अध्यक्षता विकास चौधरी, विशिष्ठ अतिथि हरीश कुमार कुंद्रा आदि को बनाया गया है। प्राचार्य डॉ. हुकम ङ्क्षसह का भी नाम लिखा है। कार्यालय के उद्घाटन की तिथि 10 फरवरी रखी गई है।
ये हैं कार्यालय उद्घाटन के नियम
छात्रसंघ कार्यालय उद्घाटन का नियम है कि कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष सबसे पहले कॉलेज की परामर्श समिति को सूचना देंगे। उसके बाद परामर्श समिति कॉलेज के प्राचार्य के साथ बैठकर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करती है। कुल मिलाकर कार्यालय उद्घाटन का पूरा कार्य कॉलेज प्रशासन करवाता है।
छात्रसंघ कार्यालय उद्घाटन के कार्ड मेरी अनुमति के बिना छपवाए गए हैं। इसके लिए छात्रसंघ अध्यक्ष ने कॉलेज से किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं ली है। इसकी जानकारी मुझे सोशल मीडिया के माध्यम से मिली है।
- डॉ. हुकम ङ्क्षसह, प्राचार्य, राजर्षि महाविद्यालय
कार्ड छपवाए हैं
छात्रसंघ कार्यालय उद्घाटन के कार्ड छपवाए हैं। मैं अभी जयपुर हूं। इस मामले में ज्यादा जानकारी देने में असमर्थ हूं।
— अमित बैरवा, छात्रसंघ अध्यक्ष
Naresh Chouhan 

