बिना रजिस्ट्रेशन व यूआईडी नंबर किसी भी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकेंगे तैराक

बिना रजिस्ट्रेशन व यूआईडी नंबर किसी भी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकेंगे तैराक

देश के हर तैराक के लिए अब रजिस्ट्रेशन और यूआईडी नंबर अनिवार्य कर दिया गया है। बिना रजिस्ट्रेशन और यूआईडी नंबर के अब तैराक किसी भी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। यह जानकारी स्वीमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष और राजस्थान स्वीमिंग फेडरेशन के अध्यक्ष अनिल व्यास ने दी।

उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर तक राजस्थान के साथ-साथ देश के हर तैराक को रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। अभी यह रजिस्ट्रेशन कोरोना महामारी को देखते हुए निशुल्क हो रहे हैं। हर साल इन्हें रिन्यू किया जाएगा। जिला, राज्य या राष्ट्रीय स्तर की किसी भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए यह अनिवार्य है।

इसके लिए स्वीमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के जीएमएस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए http://15.206.216.26/swimming/ORS/login पर लॉग इन करें। यह रजिस्ट्रेशन कोचों के लिए भी अनिवार्य किया गया है। हर साल 1 जनवरी से 31 मार्च तक इसका रिन्युअल किया जाएगा।

यूआईडी नंबर ही होगा स्विमर की पहचान
यूआईडी नंबर से ही स्विमर की पहचान होगी। स्विमर का सारा ट्रैक रिकॉर्ड भी इसमें दर्ज होगा। यह नंबर देश में किसी भी स्वीमिंग इवेंट के लिए अनिवार्य होगा।
कोचों को दी जाएगी विश्वस्तरीय कोचिंग
स्वीमिंग फेडरेशन अब अपने कोचों के लिए भी विश्वस्तरीय कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराने जा रही है। इसके लिए एसएफआई ने ऑस्ट्रेलियाई कंपनी मोरगोल्ड स्पोर्ट्स से समझौता किया है। रजिस्टर कोच ही डेक का उपयोग कर सकेंगे। कोचों के 1-5 तक का लेवल तय किए जाएंगे। उनके अनुसार उन्हें ऑनलाइन व ऑफलाइन कोचिंग दी जाएगी।
राजस्थान से चार कोच के नाम भेजे
राजस्थान से 4 स्वीमिंग कोच के नाम स्वीमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया को भेजे गए हैं। इनमें महिपाल सिंह, लाल सिंह, नवरतन अग्रवाल व योगेश बघेरवाल शामिल हैं। अनिल व्यास ने बताया कि नॉर्दर्न इंडिया का कोचिंग शिविर शाहपुरा, भीलवाड़ा में लगाने के लिए एसएफआई को प्रस्ताव भेजा गया है। इसमें ऑस्ट्रेलिया के कोच भी सेवाएं देंगे।
रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट
1.पासपोर्ट साइज फोटो, 2. आईडी प्रूफ-आधार/ पैन/ पासपोर्ट 3. बर्थ सर्टीफिकेट/पासपोर्ट, 4. पता-वोटर आईडी/आधार/पासपोर्ट (5 एमबी से ज्यादा की कोई फाइल न हो)