आज से 9वीं से 12वीं के विद्यार्थी स्कूल जाकर मार्गदर्शन ले सकेंगे क्लासें लगाई तो मान्यता रद्द
अनलॉक-4 में कंटेनमेंट जोन से बाहर कक्षा 9 से 12वीं तक के विद्यार्थी सोमवार से अभिभावकों की अनुमति से विद्यालय जाकर अध्यापकों से मार्गदर्शन ले सकेंगे। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा राजस्थान बीकानेर के निदेशक ने आदेश जारी किए हैं। विद्यालयों में पाठ्यक्रम आधारित कक्षा की अनुमति नहीं दी जा रही है।
विद्यार्थी सिर्फ ऑनलाइन स्टडी, स्माइल कार्यक्रम, शिक्षा दर्शन, या पढ़ने के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए ही आ सकेंगे। निदेशक सौरभ स्वामी के निर्देशों के अनुसार संस्था खोले जाने से पूर्व विद्यालय को पूर्ण रूप से सेनेटाइज किया जाएगा।
पेयजल टंकियों की सफाई, शौचालय, कक्षाकक्षाें की सफाई के निर्देश भी दिए हैं। अलग-अलग विषयों के शिक्षकों को अलग-अलग कक्षों में बैठाने और परामर्श लेने आने वाले बच्चों को वेटिंग रूप में सोशल डिस्टेंस के तहत बिठाने की तैयारियां की गई है।
पानी घर से लाएंगे विद्यार्थी पेन शेयर नहीं कर सकेंगे
स्कूल में परामर्श लेने के लिए आने वाले छात्र और स्कूल स्टाफ अनिवार्य रूप से मास्क लगाकर आएंगे। सोशल डिस्टेंस की पालना करनी होगी। पेयजल घर से ही लाएं। पुस्तक, पेन, पेंसिल शेयर नहीं कर सकेंगे। यदि कोई छात्र पानी की बोटल नहीं लाता है तो उसके लिए अलग से शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाए। खेल या सामूहिक आयोजन नहीं किए जा सकते।
टेस्ट भी नहीं ले सकेंगे
कोई भी विद्यालय कक्षाकक्षों में शिक्षण कार्य नहीं करवा सकेंगे। निजी और सरकारी विद्यालय पूर्व की भांति नियमित कक्षाएं नहीं लगा सकेंगे। इसके साथ ही टेस्ट आदि भी नहीं ले सकेंगे। ऐसा करते पाए जाने पर संस्था की मान्यता रद्द किए जाने के लिए संबंधित सीबीईओ और डीईओ कार्रवाई करेंगे।


