दस्तावेज पर मोहर लगाने विवाहिता को घर बुला दुष्कर्म किया, पार्षद गिरफ्तार

दस्तावेज पर मोहर लगाने विवाहिता को घर बुला दुष्कर्म किया, पार्षद गिरफ्तार

सांगोद (कोटा)| सांगोद नगरपालिका के पार्षद गोविंद सुमन के खिलाफ एक विवाहिता ने दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। महिला को किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर के बाद मोहर लगाने के बहाने पार्षद ने घर पर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने सांगोद थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस ने पार्षद को शनिवार को गिरफ्तार कर अवकाशकालीन न्यायालय कोटा मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। मजिस्ट्रेट ने पार्षद को 15 दिन के लिए न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए। मामले की जांच एसएचओ सांगोद को सौंपी गई है।

एसएचओ बजरंगलाल ने बताया कि गत दिनों पार्षद गोविंद सुमन के पास नगरपालिका क्षेत्र की एक विवाहिता किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर करवाने के लिए गई थी। वार्ड पार्षद ने दस्तावेज पर हस्ताक्षर तो कर दिए थे, लेकिन मोहर लगवाने के लिए उसे घर पर बुलाया। महिला जब दस्तावेज पर मोहर लगाने के लिए पार्षद के घर पहुंची तो पार्षद ने उसे बैठा लिया तथा उसके साथ दुष्कर्म किया। एसएचओ ने बताया कि पार्षद गोविंद सुमन ने विवाहिता को धमकी दी थी कि यदि ये बात किसी को बताई तो तेरा अतिक्रमण करके बनाया मकान गिरवा दूंगा।